Oral Health: विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनियाभर में 3.7 बिलियन लोग ओरल बीमारियों से प्रभावित होते हैं. ये वो दिक्कतें हैं जिनसे बचाव किया जा सकता है. इन दिक्कतों के कारण मुंह में दर्द तो होता ही है साथ ही असहजता भी रहती है. इसीलिए ओरल हेल्थ का ख्याल रखना और हाइजीन मेंटेन करना जरूरी है. खराब ओरल हेल्थ के कारण दांतों में कैविटी हो सकती है, दांत खराब होकर टूट सकते हैं, मुंह से खून निकल सकता है, मसूड़े सूज जाते हैं, मुंह से लगातार बदबू आती है, दांत में दर्द रहता है, सेंसिटिविटी होती है और एडवांस्ड गम डिजीज हो सकती है. इसी बारे में चेताते हुए AIIMS ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है और बताया है कि उम्र के हिसाब से किस व्यक्ति को कैसे ब्रश करना चाहिए और बच्चे के दांत ब्रश (Baby Teeth Brushing) करना कब से शुरू करना चाहिए.
बच्चे के दांत की सफाई कब से शुरू करें
0 से 5 साल के बच्चे के मुंह की सफाई
- बच्चे का पहला दांत निकलने से पहले तक मुलायम गीले कपड़े से उसके मसूड़ों को साफ किया जा सकता है. बच्चे को दूध पिलाने के बाद इस तरह उसके मुंह की सफाई करें.
- जब बच्चे का पहला दांत निकल जाए तो सॉफ्ट टूथब्रश से उसके दांतों की सफाई करना शुरू कर दें.
- इस बात का ध्यान रखें कि जब बच्चा सो रहा हो तो उसके मुंह में दूध की बोतल ना हो या कोई मीठी ड्रिंक पीते हुए वह ना सोए.
- बच्चा जब एक साल का हो जाए तो डेंटिस्ट से दांतों की जांच करवाई जा सकती है.
6 से 17 साल की उम्र में दांतों की सफाई
- इस उम्र के बच्चे को रोजाना दिन में 2 बार फ्लोराइड टूथपेस्ट से दांतों की सफाई करनी चाहिए.
- मील्स के बीच में बहुत ज्यादा स्नैक्स लेने से बचना चाहिए और ज्यादा पानी पीना चाहिए.
- बहुत ज्यादा मीठे स्नैक्स और ड्रिंक्स के सेवन से बचना चाहिए.
18 से 59 उम्र में दांतों की देखरेख
रोजाना दांतों को ब्रश और फ्लॉस करना चाहिए. डायबिटीज जैसी हेल्थ कंडीशंस को मैनेज करना चाहिए. इसके अलावा, बैलेंस्ड डाइट लेना, शुगर का सेवन कम करना, एल्कोहल का इंटेक कम करना और तंबाकू का सेवन ना करना जरूरी है.
60 साल की उम्र के बाद दांतों का कैसे रखें ख्याल
वृद्धावस्था में भी दांतों को रोजाना 2 बार ब्रश करना जरूरी है. फ्लोराइड वाला टूथपेस्ट चुनें. ड्राई माउथ जैसी दिक्कतों पर नजर रखें. डेंचर्स का इस्तेमाल करते हैं तो उनकी ठीक से सफाई करें. खानपान को अच्छा रखें जिससे दांतों और मसूड़ों की सेहत भी अच्छी रहे. अगर मुंह में दर्द होता है, छाले निकलते हैं या कुछ चबाने में दिक्कत होती है तो डॉक्टर से संपर्क करें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.