Nose Bleeding: नाक से खून बहना एक ऐसी दिक्कत है जिससे अक्सर ही लोग परेशान होते हैं. लेकिन, कई बार यह दिक्कत आम लगती है तो कई बार समझ नहीं आता इसका क्या कारण हो सकता है. इसी बारे में AIIMS ने जानकारी साझा की है. AIIMS के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से वीडियो शेयर किया गया है और बताया गया है कि नाक से खून बहने के क्या कारण हो सकते हैं और इस दिक्कत से कैसे बचा जा सकता है. इस तरह हर स्थिति के लिए खुद को तैयार रखा जा सकता है.
यह भी पढ़ें – खांसी ही नहीं बल्कि ये 7 दिक्कतें भी हो सकती हैं टीबी का लक्षण, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताए TB Symptoms
नाक से खून क्यों बहता है
AIIMS के अनुसार, नाक के अंदर छोटी-छोटी खून की नलियां होती हैं. यही नलियां यानी नसें फटने पर नाक से खून आने लगता है. यह एक सामान्य स्थिति है, लेकिन समय पर उपचार कर लिया जाए तो इस दिक्कत से छुटकारा पाया जा सकता है या इस दिक्कत को दूर किया जा सकता है.
शुष्क या ठंडा हवा के कारण नाक की अंदरूनी परत का सूख जाना, नाक में खुजली करना या अंदर की सतह को खरोंचना, बहुत जोर से नाक साफ करना, नाक के अंदर चोट लगना, उच्च रक्तचाप यानी हाई ब्लड प्रेशर (High Blood Pressure) या रक्त को पतला करने वाली दवाओं का सेवन करना.
नाक से खून बहने के लक्षण या संकेत
- नाक से खून बहने के लक्षण आसानी से पहचाने जा सकते हैं, जैसे एक या दोनों नथुनों से खून बहना, गले में तरल जैसा महसूस होना या थूकने पर खून आना, यदि बहुत खून बहे तो हल्का चक्कर आना.
- अगर नाक से ज्यादा खून बहने लगे तो व्यक्ति कमजोरी या सुस्ती महसूस कर सकता है.
- बहुत अधिक खून निगलने से जी मिचला सकता है या उल्टी जैसा महसूस हो सकता है.
- अगर बहुत अधिक खून बहे तो सांस लेने में तकलीफ हो सकती है.
नाक से खून बहे तो क्या करना चाहिए?
अगर नाक से खून बह रहा हो तो व्यक्ति को सीधा बैठाएं और सिर को थोड़ा आगे की ओर झुकाएं. अपने अंगूठे और तर्जनी उंगली से नाक के नरम हिस्से को मजबूती से दबाएं, मुंह से सांस लेते रहें. नाक को लगातार 10 से 15 मिनट तक दबाकर रखें.
नाक पर ठंडा कपड़ा या आइस पैक रखें. अब 15 मिनट बाद चेक करें कि खून बहना बंद हुआ या नहीं, अगर खून अब भी बह रहा हो तो फिर 15 मिनट तक नाक को दबाकर रखें. खून बहना बंद होने के बाद नाक को ना छुएं, ना रगड़ें और ना ही जोर से साफ करें.
नाक से खून बहने पर क्या नहीं करना चाहिए
- नाक से खून बहने पर सिर को पीछे की ओर ना झुकाएं, इससे खून गले में जा सकता है जिससे खांसी, दम घुटना या उल्टी हो सकती है.
- रूई या टिशू को नाक में ही कुछ देर रखें. इसे निकालते समय दोबारा रक्तस्राव शुरू हो सकता है.
- अगर रक्तस्राव लगातार जारी रहे तो इसे नजरअंदाज ना करें.
डॉक्टर से कब संपर्क
- अगर नाक में खून बहने लगे और व्यक्ति बेहोश हो जाए
- यदि लगातार दबाव देने के बावजूद 20 से 30 मिनट तक नाक से खून बहना बंद ना हो
- अगर व्यक्ति को सांस लेने में कठिनाई हो
- यदि नाक से खून किसी गंभीर सिर की चोट या चेहरे पर चोट लगने के बाद बहना शुरू हुआ हो
- अगर रोगी को पहले से नाक कोई गंभीर बीमारी हो, जैसे नाक का ट्यूमर.
बचाव के क्या उपाय आजमाए जा सकते हैं
- नाक से खून बहने से बचाव के लिए कमरे की हवा में नमी बनाए रखें. इससे नाक के अंदर सूखापन कम होता है और यह नाक की झिल्ली को सुरक्षित और स्वस्थ रखता है.
- नथुनों के अंदर हल्की मात्रा में पेट्रोलियम जैली या नेजर सलाइन जेल लगाएं.
- नाखून छोटे रखें ताकि नाक के अंदर खरोंच ना लगे
- जोर से नाक साफ करने से बचें
- हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखें
- एम्स के अनुसार नाक से खून बहना हमेशा गंभीर नहीं होता है लेकिन सावधानी बरतना और समय पर एक्शन लेना जरूरी है.
यह भी पढ़ें – इंफ्लुएंजा H1N1 को मौसमी फ्लू समझने की ना करें भूल, ये 8 लक्षण नजर आएं तो करें डॉक्टर से संपर्क
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.