Diwali Burns: दिवाली रोशनी, खुशियों और उत्साह का प्रतीक है. इस त्योहार को सभी अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर मनाना पसंद करते हैं. दिवाली के मौके पर पटाखे जलाने का भी चलन है. लेकिन, पटाखों और आतिशबाजी से कई बार व्यक्ति दुर्घटना का शिकार भी हो जाता है. ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. AIIMS, नई दिल्ली के डॉ. प्रोफेसर मनीष सिंघल, हेड डिपार्टमेंट ऑफ प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एंड बर्न्स सर्जरी ने बताया है कि दिवाली पर जलने से किस तरह बचा जा सकता है. अगर कुछ बातों का ध्यान रखा जाए, सही मटीरियल के कपड़े पहने जाएं और अपने आस-पास जरूरत की चीजें रखी हों तो जलने से बचा जा सकता है.
दिवाली पर जलने से कैसे बचें
दिवाली पर बच्चों को पटाखे (Crackers) जलाने का बेहद शौक होता है. लेकिन, कभी भी कोई भी पटाखा किसी बच्चे को अकेले ना जलाने दें. किसी भी पटाखे को हाथ में रखकर जलाने की कोशिश ना करें. अनार या बम वगैरह को हाथ में लेकर ना जलाएं. कई बार बच्चे पटाखे को हाथ में रखकर जलाने की कोशिश करते हैं जिससे हाथ में गंभीर चोट लग सकती है. इससे बच्चे का हाथ और आंखें हमेशा के लिए खराब हो सकती हैं.
डॉक्टर बताते हैं कि आजकल एक नया चलन है पोटाश गन से बने हुए पटाखे जलाने का. ये बहुत ज्यादा खतरनाक होते हैं और इनसे गंभीर चोट लग सकती है. इस तरह के पटाखों से दूर रहना चाहिए और इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
- अगर आप पटाखे जला रहे हैं तो उन्हें हमेशा खुली जगह पर ही जलाएं.
- पटाखे जलाते समय बच्चों के साथ कोई बड़ा जरूर होना चाहिए.
- जहां पटाखे जलाए जा रहे हैं उस जगह पर पानी की बाल्टी जरूर रखनी चाहिए.
दीये-मोमबत्ती जलाते समय सावधानी
दीपावली रोशनी का त्योहार है और इस त्योहार में घर को दीयों और मोमबत्ती से रोशन किया जाता है. लेकिन, दीये और मोमबत्ती जलाते समय भी सावधानी बरतना जरूरी होता है नहीं तो आग लगने या जलने का खतरा होता है. दीये-मोमबत्ती अगर घर की चौखट, सीढ़ियों पर या नीचे किसी सतह पर अगर रखा जाते हैं तो उनसे ढीले कपड़ों में आग लग सकती है. इसीलिए इन्हें सावधानी से नीचे रखें. दीयों को हमेशा अलग खुली जगह पर रखें और किसी परदे, सोफा या कागज के पास ना रखें. इनसे आग लगने का खतरा रहता है.
किस फैब्रिक के कपड़े पहनें
दिवाली पर जलने (Diwali Burns) से बचने के लिए सिंथेटिक कपड़े ना पहनें बल्कि सूती के कपड़े पहनें. खासकर पटाखे जलाते हुए सिंथेटिक कपड़ों में ना रहें.
अगर किसी कारणवश आप जल जाते हैं तो घबराएं नहीं. सही उपाय करने पर आराम मिल सकता है. जलने पर 15 से 20 मिनट तक बहते पानी में जले हुए हिस्से को रखें. इससे त्वचा की भीतर की गर्मी निकल जाती है और घाव गहरा नहीं होता है. इस बात का ध्यान रखें कि आप जली हुई जगह पर पानी के अलावा और कुछ ना लगाएं. कुछ और लगाने से इंफेक्शन का खतरा रहता है और स्थिति बिगड़ सकती है.
पानी से घाव को साफ कर लेने के बाद उसे सूती कपड़े से लपेट दें. इसके बाद बिना देरी किए नजदीक के किसी डॉक्टर या अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में जाएं.
अपनी सेहत का भी रखें ख्याल
डॉक्टर सलाह देते हैं कि पटाखों से जलने से बचने के साथ-साथ अपनी सामान्य सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी है. डायबिटीज, हार्ट डिजीज, हाई ब्लड प्रेशर या कोई भी हेल्थ कंडीशन है तो मिठाइयों और तली-भुनी चीजों को खाने से परहेज करें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.