High Uric Acid: यूरिक एसिड शरीर का एक अपशिष्ट पदार्थ है जो प्यूरिन से भरपूर फूड्स खाने के कारण बढ़ता है. यूरिक एसिड को आमतौर पर किडनी फिल्टर करके शरीर से निकाल देती है, लेकिन अगर किडनी यूरिक एसिड नहीं निकाल पाती है तो यह शरीर में फैलने लगता है. यूरिक एसिड के क्रिस्टल्स शरीर के जौड़ों में जैसे घुटनों, उंगलियों, कलाई और पैर के अंगूठे में खासतौर से जमने लगते हैं. इससे सूजन, दर्द और गाउट (Gout) की दिक्कत हो जाती है. ऐसे में ओर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ओबैदुर रहमान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से पोस्ट शेयर किया है और बताया है कि हाई यूरिक एसिड में किन चीजों को अपनी डाइट का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए. आप भी जानिए डॉक्टर किन फूड्स को ना खाने की सलाह दे रहे हैं.
यूरिक एसिड बढ़ने पर क्या नहीं खाना चाहिए
बोतल वाली मीठी ड्रिंक्स – डॉक्टर की सलाह है कि मीठी बोतल वाली ड्रिंक्स पीने से परहेज करना चाहिए क्योंकि इनका हाई फ्रु्क्टोस लेवल सेहत के लिए नुकसानदायक होता है और जोड़ों के दर्द को बढ़ा सकता है.
बियर – बियर सीधेतौर पर यूरिक एसिड को प्रभावित करती है. इसे पीने पर यूरिक एसिड तो बढ़ता ही है साथ ही जबरदस्त दर्द भी होता है. इसीलिए यूरिक एसिड में बियर या किसी और तरह के एल्कोहल का सेवन नहीं करना चाहिए.
ओर्गन मीट – बहुत से लोग ओर्गन मीट खाना पसंद करते हैं. लेकिन, जिन लोगों को विटामिन बी12 के साथ-साथ यूरिक एसिड की दिक्कत है उनके लिए ओग्रन मीट ठीक नहीं है. ओर्गन मीट में हाई प्यूरिन होता है जो जोड़ों में जाकर क्रिस्टल्स बनाता है. इससे दर्द बढ़ जाता है.
मशरूम – यूरिक एसिड में मशरूम खाने से परहेज करना जरूरी है. 100 ग्राम मशरूम ही 90 से 100 एमजी तक यूरिक एसिड बढ़ा सकता है.
सीफूड – सार्डिन या मैकेरल जैसा सीफूड यूरिक एसिड को बढ़ाते हैं. इसीलिए इन्हें खाने से बचना चाहिए.
डॉक्टर यह भी सलाह देते हैं कि यूरिक एसिड के मरीजों को अपना शुगर इंटेक भी कम करना चाहिए जिससे यूरिक एसिड की दिक्कत कम हो सके.
हाई यूरिक एसिड के क्या लक्षण होते हैं
- जोड़ों में सूजन बढ़ जाती है और दर्द रहने लगता है.
- जोड़े लाल नजर आने लगते हैं और हाथ लगाने पर गर्माहट महसूस होती है.
- किडनी की दिक्कतें बढ़ सकती हैं.
- पेशाब करते हुए जलन हो सकती है और पेशाब में झाग नजर आ सकता है.
- पैर के अंगूठे में अचानक तेज दर्द होने लगता है.
- कमर के निचले हिस्से में दर्द महसूस होता है.
कैसे कम होगा यूरिक एसिड
हाई यूरिक एसिड को कम करने के लिए पानी ज्यादा पीना चाहिए. इससे किडनी को यूरिक एसिड फिल्टर करके निकालने में मदद मिलती है. खानपान में हाई फाइबर फूड्स को शामिल करना चाहिए, प्रोसेस्ड फूड के सेवन से बचना चाहिए और हेल्दी वेट मेंटेन करने की कोशिश करनी चाहिए.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.