Pet Me Gas Bane To Kya Kare: पेट में गैस बनना ऐसी दिक्कत है जो आयदिन किसी को भी हो जाती है. कुछ ज्यादा खा लेने पर, सड़ा गला खा लेने पर या खाकर तुरंत लेट जाने पर भी पेट में गैस (Stomach Gas) बन सकती है. दिक्कत तब ज्यादा होती है जब यह गैस शरीर में फंसी रह जाती है और अलग-अलग अंगों में दर्द का कारण बनती है. व्यक्ति को असहजता होने लगती है और कोई और काम करते नहीं बनता सो अलग. वहीं, त्योहारों के दिनों में पेट में तकलीफ होने लगे या गैस बनने लगे तो सारे काम अटके रह जाते हैं. इसीलिए पेट की गैस को कंट्रोल करना जरूरी होता है. ऐसे में अगर आप भी पेट में गैस बनने से परेशान हैं या अक्सर परेशान रहते हैं तो योगगुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) का बताया नुस्खा आपके काम आ सकता है.
पेट में गैस बने तो कैसे पाएं छुटकारा
बाबा रामदेव का कहना है कि पेट की गैस से राहत पाने के लिए आप थोड़ा सा मेथी दाना (Methi Dana) भिगोकर उसका पानी पी सकते हैं. रात के समय कटोरी में थोड़ा सा मेथी दाना भिगोकर रखें और सुबह के समय इस मेथी दाना का पानी (Methi Water) पिएं या फिर मेथी दाना को रातभर अंकुरित करके रखें और फिर सुबह खाली पेट इस अंकुरित मेथी दाना को खा लें. आप सुबह उठने के बाद मेथी दाने का पानी पी सकते हैं और नाश्ते के समय थोड़े से अंकुरित मेथी दाने खा सकते हैं. बाबा रामदेव का कहना है इससे फायदा मिलता है.
कैसे अंकुरित करें मेथी दाना – मेथी दाना (Fenugreek Seeds) को अंकुरित करने के लिए इसे हल्का सा भिगोने के बाद गीले कपड़े में 2 दिनों के लिए बांधकर रखा जा सकता है. बाबा रामदेव कहते हैं कि गीले कपड़े में मेथी दाना बांधकर रखने पर अंकुरण तेज हो जाता है.
पेट में गैस बनने की एक बड़ी वजह यह भी है कि लोग खाने को चबा-चबाकर नहीं खाते हैं और जल्दी-जल्दी में उसे आधा चबाए ही निगल लेते हैं. बाबा रामदेव ऐसा करने से मना करते हैं. बाबा रामदेव की सलाह है कि खाने को हमेशा धीरे-धीरे चबा-चबाकर खाएं. इससे लार ज्यादा बनती है और गैस कम बनती है.
आप खाना खाने से पहले कोई फल या सलाद खा सकते हैं. बाबा रामदेव कहते हैं कि पहले कच्चा खाना जैसे सलाद या फल खाएं और उसके बाद अपना भोजन करें. इस बात का ध्यान रखें कि आप सबकुछ अच्छे से चबाकर ही खाएं.
रात में खा सकते हैं त्रिफला
अगर बहुत गैस बनती है तो रात में खाना खाने के बाद थोड़ा सा त्रिफला चूर्ण लिया जा सकता है. त्रिफला चूर्ण लेने से पाचन तंत्र को फायदा मिलता है और गैस से राहत मिलती है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.