Sendha Namak Ya Safed Namak: नमक की बात होती है तो ज्यादातर लोग मानते हैं कि सफेद नमक (White Salt) के मुकाबले सेंधा नमक कई ज्यादा फायदेमंद होता है. आप किस नमक को खा रहे हैं इसके अलावा यह ध्यान रखना भी जरूरी होता है कि आप कितना नमक खा रहे हैं. ऐसे में बैलेंस्ड डाइट के लिए सोडियम इंटेक को कम करना जरूरी है. इसीलिए सही नमक चुनना सेहत को दुरुस्त रखने में मददगार होता है. इसी बारे में बताते हुए फिजीशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. विपुल बता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है. अपने इस पोस्ट में डॉक्टर बता रहे हैं कि खानपान में सेंधा नमक (Pink Salt) शामिल करना चाहिए या सफेद नमक. आप भी जान लीजिए डॉक्टर के अनुसार कौन सा नमक बेहतर है.
सेंधा नमक अच्छा है या सफेद नमक
डॉ. विपुल बताते हैं कि सफेद नमक एक रिफाइंड नमक होता है जिसके अंदर आयोडीन मिलाया जाता है जोकि थायराइड और दिमाग के लिए बेहद जरूरी होता है. इससे उलट सेंधा नमक में आयोडीन नहीं होता है. डॉक्टर कहते हैं कि प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चों को आयोडीन मिलना बेहद जरूरी है.
सफेद नमक और सेंधा नमक दोनों का ही बेस कंपाउंड सोडियम क्लोराइड है. सेंधा नमक कम खारा होता है इसीलिए यह खाने में ज्यादा डलता है. ऐसे में ओवरऑल सोडियम का कंजंप्शन देखा जाए तो सेंधा नमक से ज्यादा होता है क्योंकि खाने में स्वाद के लिए सेंधा नमक ज्यादा मिलाया जाता है.
सेंधा नमक में एक्स्ट्रा मिनरल्स यानी खनिज होते हैं क्योंकि यह रिफाइंड नहीं होता है. लेकिन, ये खनिज इतनी कम मात्रा में होते हैं कि इससे कोई खास फायदा नहीं मिल पाता है.
सेंधा नमक खाना चाहिए या सफेद नमक
डॉक्टर की सलाह है कि खाने में सफेद नमक ही रखें लेकिन इसकी मात्रा को कंट्रोल करना बेहद जरूरी है. जिन चीजों में नमक ज्यादा पड़ता है जैसे चटनी, आचार या सांभर वगैरह और जितनी भी प्रीजर्व्ड चीजें हैं उन्हें अपनी डाइट में कम से कम रखें.
सेंधा नमक को पिंक सॉल्ट या हिमालयन रॉक सॉल्ट भी कहा जाता है. यह नमक शुद्ध और बिना रिफाइंड किए बिना बेचा जाता है और इसका सेवन किया जाता है. सफेद नमक को जिस तरह रिफाइंड या प्रोसेस किया जाता है उस तरह सेंधा नमक को रिफाइंड या प्रोसेस नहीं किया जाता है. इसके फायदे और नुकसान दोनों हैं. वहीं, अगर व्यक्ति सफेद नमक के बजाय हमेशा सेंधा नमक खाता है तो शरीर में आयोडीन की कमी हो सकती है और थायराइड की बीमारियों का खतरा बढ़ता है.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.