आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी का असर हमारी सेहत पर पड़ता है. ऐसे में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसकी कमजोरी के कारण ही शरीर बीमारियों का घर बन जाता है और व्यक्ति तरह-तरह की गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाता है. CDC के अनुसार, इम्यून सिस्टम शरीर की सुरक्षा प्रणाली की तरह काम करता है, जो सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे सामान्य संक्रमणों से लेकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ने में मदद करता है. हालांकि, इम्यूनिटी सिर्फ खानपान पर निर्भर नहीं करती, बल्कि हमारी रोजमर्रा की आदतें भी इसे प्रभावित करती हैं.
अनियमित दिनचर्या, खराब खानपान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और नींद पूरी न होना सेहत पर असर डाल सकता है. अच्छी बात यह है कि अपनी लाइफस्टाइल में कुछ आसान बदलाव करके इम्यून सिस्टम को बूस्ट किया जा सकता है, आइए Centers for Disease Control and Prevention (CDC) जानते हैं ऐसी 6 ऐसी आदतों के बारे में, जिन्हें डेली रूटीन में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है.
यह भी पढ़ें: दिवाली के बाद उल्टी-दस्त और पेट दर्द की परेशानी क्यों बढ़ जाती हैं? फूड पॉइजन के इन लक्षणों को पहचानें
सही डाइट अपनाएं
इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखने के लिए सबसे पहले अपने खानपान पर ध्यान देना जरूरी है. शरीर को सही तरीके से काम करने के लिए अलग-अलग पोषक तत्वों की जरूरत होती है. ऐसे में रोजाना की डाइट में हरी सब्जियां, ताजे फल, प्रोटीन, दूध और डेयरी उत्पाद, हेल्दी फैट और साबुत अनाज शामिल करें. ये सभी चीजें शरीर को जरूरी पोषण देने और इम्यून सिस्टम के सामान्य कामकाज में मदद करती हैं. वहीं, ज्यादा प्रोसेस्ड फूड, सैचुरेटेड फैट, नमक और अतिरिक्त चीनी वाली चीजों का सेवन सीमित करना चाहिए. कई लोग इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अलग-अलग विटामिन और मिनरल सप्लीमेंट लेना शुरू कर देते हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी सप्लीमेंट का सेवन न करें.
फिजिकल एक्टिविटी को बनाएं डेली-रूटीन का हिस्सा
शारीरिक रूप से एक्टिव रहना सिर्फ वजन कंट्रोल रखने के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है. नियमित एक्सरसाइज करने से बेहतर महसूस होता है, नींद की गुणवत्ता सुधरती है और चिंता या तनाव कम करने में मदद मिलती है. जब आप सही डाइट के साथ फिजिकली एक्टिव रहेंगे, तो स्वस्थ वजन बनाए रखना आसान हो सकेगा और इम्यूनिटी भी मजबूत हो सकेगी. बेहतर रहेगा कि आप इसके लिए अपनी उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार पैदल चलना, योग, साइकिल चलाना या दूसरी एक्सरसाइज करें और जरूरी नहीं कि शुरुआत में ही भारी वर्कआउट करें, बल्कि एक्सपर्ट्स की सलाह लें.
शरीर का वजन हेल्दी बनाए रखें
CDC के अनुसार, शरीर का वजन संतुलित रखना भी इम्यून हेल्थ के लिए जरूरी है. ज्यादा वजन या मोटापा कई स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ा होता है और इसका असर इम्यून सिस्टम के कामकाज पर भी पड़ सकता है. एडल्ट में 30 या उससे ज्यादा बॉडी मास इंडेक्स (BMI) को मोटापे की श्रेणी में रखा जाता है. मोटापे की स्थिति में शरीर की इम्यून सिस्टम का कामकाज प्रभावित हो सकता है. इसलिए अपने वजन को स्वस्थ दायरे में बनाए रखने की कोशिश करें. इसके लिए पौष्टिक भोजन करें, अपनी रोजाना की कैलोरी जरूरतों का ध्यान रखें और नियमित रूप से एक्सरसाइज करें. पर्याप्त नींद लेना और तनाव को कम करना भी वजन को संतुलित रखने में मदद कर सकता है. हालांकि, वजन कम करने के लिए जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं.
रोजाना पर्याप्त नींद लें
अच्छी सेहत के लिए जिस तरह पौष्टिक भोजन और एक्सरसाइज जरूरी है, उसी तरह पर्याप्त नींद लेना भी बेहद अहम है. नींद का सीधा संबंध इम्यून सिस्टम से होता है. वैज्ञानिक शोधों से पता चलता है कि नींद की कमी इम्यून सिस्टम के अलग-अलग हिस्सों को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकती है. लगातार पर्याप्त नींद न लेने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. इसलिए अपनी नींद को नजरअंदाज न करें और हर दिन सोने का एक समय तय करें. रात में देर तक जागने और अपनी नींद के साथ समझौता करने से बचें.
स्मोकिंग की आदत छोड़ दें
अगर आप अपनी इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखना चाहते हैं, तो स्मोकिंग से दूरी बनाना जरूरी है. धूम्रपान शरीर की बीमारियों से लड़ने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा, लंबे समय तक स्मोकिंग करने से इम्यून सिस्टम से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. इसलिए अगर आपको सिगरेट या किसी अन्य तंबाकू उत्पाद के सेवन की आदत है, तो इसे छोड़ने की कोशिश करें. शुरुआत में यह मुश्किल लग सकता है, लेकिन अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में कदम उठाना जरूरी है. स्मोकिंग छोड़ने से शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं, जिसकी आपको जरूरत भी है, वरना इस आदत के कारण आपको भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना भी करना पड़ सकता है.
शराब का ज्यादा सेवन करने से बचें
शराब का सेवन भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर बुरा असर डाल सकता है. अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक ज्यादा मात्रा में शराब का सेवन करता है, तो इससे उसका इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है. ऐसे में शरीर के लिए बीमारियों और संक्रमणों से लड़ना मुश्किल हो सकता है और व्यक्ति जल्दी बीमारियों का शिकार हो जाता है. कई बार लोग तनाव या थकान दूर करने के लिए शराब का सहारा लेते हैं, लेकिन नियमित रूप से इसका ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इतना ही नहीं, शराब का सेवन भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे में धकेल सकता है, जिसके कारण हर साल बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो जाती है. इसलिए जरूरी है कि इस बुरी आदत से दूरी बनाएं.
यह भी पढ़ें: दिवाली के बाद गैस और एसिडिटी से हो जाते हैं परेशान? राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.
संबंधित खबरें
मूंग या चना स्प्राउट्स, तेजी से वजन घटाने के लिए क्या खाना है बेहतर? जानिए
1 hr agoदिवाली के बाद अचानक उल्टी-दस्त? फूड पॉइजनिंग का हो सकता है संकेत
6 hrs agoअस्थमा के मरीज पटाखों के धुएं से कैसे बचें? यहां जानिए कैसें रखें ख्याल
7 hrs agoसुबह उठते ही शरीर में दिखें ये लक्षण तो समझ जाएं बढ़ रहा है प्रदूषण का असर
8 hrs agoदिवाली पर पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान, AIIMS प्रोफेसर की सलाह
9 hrs agoत्योहारों में देर रात तक जागना पड़ सकता है भारी, दिख सकते हैं ये लक्षण
1 day agoदिल्ली की जहरीली हवा से बच्चों और बुजुर्गों को कैसे बचाएं? अपनाएं ये जरूरी
1 day agoत्योहार के बाद गैस और एसिडिटी कर देते हैं परेशान? अपनाए ये Tips
1 day agoक्या स्तन की हर गांठ कैंसर वाली होती है? AIIMS डॉक्टर ने बताए लक्षण
1 day agoप्रदूषित हवा से बचाव के लिए कौन सा मास्क लगाना चाहिए? जानिए यहां
1 day agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
SOURCE: CDC
First published on:
Know More: Editorial Guidelines