खाना खाने के बाद सीने में होती है बहुत जलन? जानिए एसिडिटी की असली वजह और राहत के उपाय
Seene Mein Jalan: क्या आपको भी आधी रात को सीने में तेज जलन परेशान करती है, जिससे आपकी नींद खराब हो जाती है? आइए जानते हैं क्यों होती है ये समस्या और कैसे मिलेगी इस समस्या से राहत.
हर बार खाना खाने के बाद होती है एसिडिटी? इन आदतों में छिपी हो सकती है वजह (Image: AI/Pexels)
खबर की मुख्य बातें:
विज्ञापन
सीने में जलन को मेडिकल भाषा में हार्टबर्न कहते हैं, जो तब होती है जब पेट का एसिड भोजन नली से गले की ओर आता है, जिसे एसिड रिफ्लक्स कहा जाता है.
अगर एसिड रिफ्लक्स बार-बार होता है, तो इसे गैस्ट्रो-इसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD/GORD) कहा जा सकता है.
सीने में जलन के अलावा, इसके लक्षणों में मुंह में खट्टा स्वाद, बार-बार खांसी, आवाज का बैठ जाना, मुंह से बदबू आना, पेट फूलना और जी मिचलाना शामिल हैं.
एसिड रिफ्लक्स से राहत पाने के लिए शराब और धूम्रपान से बचना, खट्टे फलों का सेवन सीमित करना, सोने से 3 घंटे पहले खाना खाना और वजन कंट्रोल रखना जरूरी है.
Heartburn: अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि जब वह खाना खा रहे होते हैं या फिर खा चुके होते हैं, तो उन्हें सीने में कुछ देर बाद इतनी ज्यादा जलन होने लगती है, मानों मुंह में हाथ डालकर सारा खाना बाहर निकाल लें, ताकि इससे आराम मिले. स्थिति ज्यादा परेशान तब करती है, जब डकार भी खट्टी आने लगती है और बैठना, लेटना सब मुश्किल हो जाता है. ऐसे में लोग तरह-तरह के उपायों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन राहत जल्दी मिलती नहीं है. लेकिन सवाल उठता है कि आखिर ये समस्या होती क्यों है, क्या वजह है और कैसे इससे राहत पाया जा सकता है? आइए इस स्टोरी में समझते हैं सीने में जलन के बारे में.
NHS के अनुसार, सीने में जलन की स्थिति को मेडिकल भाषा में हार्टबर्न (Heartburn). यह परेशानी तब होती है, जब पेट में मौजूद एसिड वापस भोजन नली के रास्ते गले की ओर आने लगता है. इस स्थिति को एसिड रिफ्लक्स (Acid Reflux) कहा जाता है, जो कभी भी किसी को भी परेशान कर सकता है. NHS के अनुसार, कभी-कभी एसिड रिफ्लक्स होने पर सीने में जलन महसूस हो सकती है, जो कि सामान्य है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होने लगे, तो इसे गैस्ट्रो-इसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD/GORD) कहा जा सकता है. ऐसे में लक्षणों को समझना और बार-बार परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, क्योंकि ये समस्या काफी तकलीफ देती है और रात की नींद तक उड़ा देती है.
विज्ञापन
क्या खाने से हो जाती है सीने में जलन की समस्या
सीने में जलन के पीछे सिर्फ कुछ खासा खाना ही नहीं है, बल्कि इस समस्या की जड़ कई कारणों से जुड़ी हो सकती है. इसलिए सिर्फ एक चीज को गलत ठहराना सही नहीं है. आमतौर पर लोग खाने को ही जिम्मेदार समझते हैं, लेकिन जरूरी है कि इसके अलावा इस समस्या के पीछे क्या-क्या कारण हो सकते हैं इसे भी जाने. NHS के अनुसार, अक्सर इसका कोई स्पष्ट कारण नहीं होता. कभी-कभी यह नीचे दिए गए वजहों से हो सकता है या और भी बढ़ सकता है:
कुछ खास तरह के खाने-पीने की चीजें- जैसे कॉफी, टमाटर, शराब, चॉकलेट और ज्यादा फैट या मसालेदार खाना
वजन ज्यादा होना
धूम्रपान करना के कारण
गर्भावस्था की स्थिति में
तनाव और घबराहट (Anxiety)
कुछ खास हार्मोन, जैसे प्रोजेस्टेरोन और एस्ट्रोजन का स्तर बढ़ना
कुछ दवाएं, जैसे सूजन कम करने वाली दर्द से राहत देने वाली दवाओं के कारण
हाइटस हर्निया (hiatus hernia)– जब पेट का एक हिस्सा ऊपर की ओर छाती में खिसक जाता है
पेट में अल्सर होना
पेट में बैक्टीरियल इन्फेक्शन होना आदि इस समस्या का कारण बन सकते हैं.
क्या सिर्फ सीने में जलन ही एक अकेला लक्षण है?
अब सवाल उठता है कि क्या एसिड रिफ्लक्स का एक ही लक्षण होता है, जोकि सीने में जलन है? NHS के अनुसार, सीने में महसूस होने के अलावा भी कई लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जो परेशान कर सकते हैं. लेकिन आमतौर पर सबसे आम सीने में जलन ही लक्षण है. सीने में जलन के अलावा;
विज्ञापन
मुंह में खट्टा स्वाद आना, जो पेट के एसिड के कारण होता है
बार-बार खांसी आना या हिचकी लगना
आवाज बैठ जाना या भारी हो जाना
मुंह से बदबू आना
पेट फूलना और जी मिचलाना
अचानक अगर ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो हो सकता है कि एसिड रिफ्लक्स कारण हो, लेकिन खुद से दवा लेने या खुद की समझ से समस्या का पता लगाने से बेहतर है कि आप डॉक्टर से सलाह लें और समस्या के पीछे क्या कारण है, उसे जानें और डॉक्टर द्वारा बताई गई सलाह का नियमित रूप से पालन करें.
एसिड रिफ्लक्स कैसे मिल सकती है राहत?
American Heart Association के अनुसार, अपनी लाइफस्टाइल में कुछ चीजों का ख्याल रखा जाए और अच्छी आदतों को अपनाया जाए, तो इस समस्या सेहत राहत मिल सकती है.
शराब और सिगरेट से दूरी बनाएं: शराब और धूम्रपान से बचें, क्योंकि ये एसिड रिफ्लक्स की समस्या को बढ़ा सकते हैं.
खट्टे फलों का सेवन सीमित करें: खट्टे फल कुछ लोगों में पेट और भोजन नली के बीच मौजूद वाल्व को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे एसिड ऊपर की ओर आ सकता है, इसलिए इनके सेवन को भी कम करें.
दवाएं लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लें: दर्द और सूजन कम करने वाली कुछ दवाएं, बेंजोडायजेपाइन, ट्राइसाइक्लिक एंटीडिप्रेसेंट्स और अस्थमा की कुछ दवाएं एसिड रिफ्लक्स बढ़ा सकती हैं. इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा बंद न करें और न साथ में ले.
सोते समय सिर ऊंचा रखें: रात में सीने में जलन होती है, तो बिस्तर के सिरहाने वाले हिस्से को लगभग 6 इंच ऊंचा रखें. इससे ग्रेविटी पेट के एसिड को ऊपर आने से रोकने में मदद कर सकता है, जिससे नींद भी खराब नहीं होगी.
सोने से 3 घंटे पहले खाना खा लें: खाना खाने के तुरंत बाद बिस्तर पर जाने से बचें. सोने से पहले पेट को भोजन पचाने के लिए पर्याप्त समय दें, वरना आपको सीने में जलन का सामना करना पड़ सकता है.
वजन कंट्रोल में रखें: अगर आपका वजन ज्यादा है, तो उसे कम करने से एसिड रिफ्लक्स के लक्षणों में राहत मिल सकती है.
बार-बार ये समस्या परेशान करें, तो डॉक्टर से सलाह लें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.