Stiffness And Pain Home Remedies: मसल्स में अकड़न होना ऐसी दिक्कत है जिससे अनेक लोग परेशान रहते हैं. खासकर सुबह उठने पर घुटनों, कमर और गर्दन में अकड़न और दर्द महसूस होता है. ऐसे में ना कोई काम करते बनता है और ना ही सुकून से बैठा या लेटा जाता है. इस स्थिति में अकड़न से छुटकारा पाना जरूरी होता है. जनरल फिजीशियन डॉ. शालिनी सिंह सालुंके ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से पोस्ट शेयर किया है और बताया है कि किस तरह अकड़न और दर्द से छुटकारा पाया जा सकता है. डॉक्टर ने उन टिप्स का जिक्र किया है जिन्हें फॉलो करने पर शरीर की अकड़न (Body Stiffness) और दर्द से राहत मिल सकती है.
शरीर की अकड़न और दर्द से छुटकारा
डॉ. शालिनी सिंह सालुंके कहती हैं कि बारिश होने पर ठंड बढ़ जाती है जिससे जोड़ों और मांसपेशियों में अकड़न और दर्द बढ़ जाता है. इस चलते दिन की शुरुआत दर्द के साथ होती है. ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखा जाए तो सुबह बिना अकड़न और दर्द के उठा जा सकता है –
गर्म पानी से सिंकाई – सुबह बेड छोड़ने से पहले 5 से 10 मिनट के लिए गर्म पानी से सिंकाई की जा सकती है. इससे अकड़न और दर्द में आराम महसूस होता है.
5 मिनट एक्सरसाइज – सुबह बेड से उठने के बाद 5 मिनट की हल्की एक्सरसाइज या स्ट्रेचिंग की जा सकती है और इसके बाद दिन की शुरुआत की जा सकती है.
सूप पीना – लंच और डिनर में गर्म सूप पिया जा सकता है. मूंग दाल और मिक्स वेजिटेबल का सूप पिया जा सकता है, इसमें थोड़ा तिल भी डाल सकते हैं. यह मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत करने में मददगार होगा. आप राजमा या मसूर दाल का सूप भी पी सकते हैं.
ठंडे फ्लोर से करें परहेज – डॉक्टर की सलाह है कि बारिश या ठंड के मौसम में ठंडे प्लोर पर ना ही लेटें और ना ही बैठें. इससे शरीर में अकड़न और दर्द बढ़ सकता है.
खनिजों की कमी पूरी करना – चेक करें कि आपके शरीर में विटामिन डी या कैल्शियम की कमी तो नहीं है. अगर शरीर में इन खनिजों की कमी हो गई है तो इस कमी को पूरा करना जरूरी है.
मसल्स में क्यों होती है अकड़न
मसल्स में अकड़न होने के कई कारण हो सकते हैं. गलत पॉजीशन में सो जाने पर, सर्दी लग जाने पर, बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करने पर, दिनभर एक ही पॉजीशन में बैठे रहने पर, डेस्क जॉब करने पर और मसल्स में सूजन या टाइटनेस होने पर अकड़न महसूस हो सकती है और दर्द हो सकता है. इसके अलावा, मसल्स में अकड़न होने के ये कारण हो सकते हैं –
- डिहाइड्रेशन या इलेक्ट्रोलाइट इंबैलेंस होना
- इंटेंस वर्कआउट के बाद मसल्स में दर्द होना, सूजन हो जाना
- किसी कीड़े के काट लेने पर दिक्कत होना
- मसल्स में खिंचाव हो जाना
- फिजिकली एक्टिव ना रहना.
अगर दिक्कत कई दिनों तक बनी रहती है तो डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए जिससे दिक्कत से जल्द से जल्द छुटकारा मिल सके और स्थिति गंभीर ना हो पाए.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.