त्योहारों में देर रात तक जागने की आदत सेहत को पहुंचा सकती है नुकसान, जानें नींद की कमी के साइड इफेक्ट्स
Sleep Effect on Health: क्या दिवाली आदि त्योहारों में आप भी रातभर जागे रह जाते हैं और दोस्तों व परिवार के साथ बातचीत आदि में नींद को नजरअंदाज कर देते हैं? आइए NHLBI से जानते हैं आपकी ये आदत सेहत पर कितना गंभीर असर डाल सकती है.
देर रात तक जागकर मना रहे हैं त्योहार? जानिए लें नींद पूरी न होने से सेहत को होने वाले नुकसान (Image: AI)
खबर की मुख्य बातें:
विज्ञापन
त्योहारों के मौसम में देर रात तक जागने से अगले दिन थकान और सुस्ती महसूस हो सकती है.
पर्याप्त नींद न लेने से याददाश्त, ध्यान केंद्रित करने और नई चीजें सीखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.
नींद की कमी से मूड खराब हो सकता है, चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है और भावनाओं को संभालने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.
NHLBI के मुताबिक, पर्याप्त नींद दिमाग और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ जीवन की गुणवत्ता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
त्योहारों का सीजन आते ही लोगों की डेली-रूटीन में कई बदलाव होने लगते हैं, खासकर दिवाली जैसे बड़े त्योहारों पर देर रात तक दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलना-जुलना, पार्टी करना, खेलना और घर की सजावट में समय बिताना आम बात है. कई बार त्योहारों की मस्ती में रात कब बीत जाती है, पता ही नहीं चलता, हद तो तब हो जाती है, जब कुछ लोग लगातार कई दिनों तक सोते ही नहीं है. शुरुआत में भले ही इसका असर महसूस न हो, लेकिन देर रात तक जागने और पर्याप्त नींद न लेने की आदत सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है. National Heart, Lung, and Blood Institute (NHLBI) के मुताबिक, पर्याप्त और अच्छी नींद दिमाग और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ जीवन की गुणवत्ता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि त्योहारों के दौरान देर रात तक जागने से शरीर पर क्या असर पड़ सकता है.
NHLBI के अनुसार, अगर आप रात में पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो इसका सबसे पहला असर अगले दिन आपकी एनर्जी पर दिखाई दे सकता है. सुबह उठने के बाद भी आपको तरोताजा महसूस नहीं होगा और दिनभर थकान बनी रह सकती है. नींद की कमी के कारण काम करने का मन नहीं करता और छोटी-मोटे काम भी थकाने वाली लग सकते हैं. NHLBI के अनुसार, अगर आपको दिन में बार-बार झपकी आती है, पढ़ते या टीवी देखते समय नींद आने लगती है या किसी मीटिंग में बैठे-बैठे आंखें बंद होने लगती हैं, तो यह पर्याप्त नींद न मिलने का संकेत हो सकता है.
विज्ञापन
याददाश्त और ध्यान लगाने पर पड़ सकता है असर
अच्छी नींद सिर्फ शरीर को आराम देने के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि यह दिमाग को भी सही तरीके से काम करने में मदद करती है. सोते समय दिमाग नई जानकारियों को व्यवस्थित करता है और उन्हें याद रखने के लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करता है. लेकिन, लगातार देर रात तक जागने से आपको किसी काम पर ध्यान लगाने, नई चीजें सीखने और पुरानी बातें याद रखने में परेशानी हो सकती है. इसका असर ऑफिस, पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों पर भी दिखाई दे सकता है.
मूड खराब और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है
त्योहारों में देर रात तक जागने के कारण अगले दिन आपका मूड पर भी असर पड़ सकता है. नींद पूरी न होने पर छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, चिड़चिड़ापन महसूस होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. NHLBI के अनुसार, नींद की कमी का संबंध दिमागी स्वास्थ्य से भी है. लंबे समय तक पर्याप्त नींद न लेने से भावनाओं को संभालने और तनाव से निपटने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसलिए त्योहारों की मस्ती के बीच नींद को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.
विज्ञापन
भूख और वजन पर पड़ सकता है असर
क्या आप जानते हैं कि आपकी नींद का असर भूख पर भी पड़ता है? दरअसल, शरीर में भूख और पेट भरने का एहसास कराने वाले हार्मोन होते हैं, जिन्हें घ्रेलिन (Ghrelin) और लेप्टिन (Leptin) कहा जाता है. NHLBI के मुताबिक, जब आप पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो शरीर में घ्रेलिन का स्तर बढ़ सकता है और लेप्टिन का स्तर कम हो सकता है, जिससे आपको आम दिनों के मुकाबले ज्यादा भूख लग सकती है. त्योहारों के दौरान मिठाइयां, पकवान और तली-भुनी चीजें खाने के साथ अगर नींद भी पूरी नहीं होती, तो खानपान की आदतों को संतुलित रखना मुश्किल हो सकता है.
दिल और ब्लड शुगर पर भी पड़ेगा असर
नींद हमारे शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. अच्छी नींद दिल और रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने और शरीर के कई जरूरी कामों को सही तरीके से चलाने में मदद करती है. लेकिन NHLBI के अनुसार, लगातार नींद की कमी होने से ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से ज्यादा हो सकता है. इससे समय के साथ डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है, जोकि बेहद खतरनाक बीमारियों में से एक है. इसके अलावा लंबे समय तक नींद पूरी न होने का संबंध हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, दिल की बीमारी और स्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से भी जुड़ा है.
विज्ञापन
त्योहारों में नींद का रखें खास ध्यान
त्योहारों का आनंद लेना जरूरी है, लेकिन इसके लिए अपनी सेहत को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है. कोशिश करें कि रोजाना पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाली नींद लें. सोने और जागने का समय नियमित रखें, ताकि नींद पूरी हो और आपकी आदत न बदले. देर रात तक पार्टी या समारोह में शामिल होने के बाद भी अपनी नींद पूरी करने का ध्यान रखें. अगर दिनभर बहुत ज्यादा नींद, थकान या सुस्ती महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. इस बात का याद रखें कि त्योहार तब ही खुशियों से भरा रहता है, जब व्यक्ति की सेहत बनी रहे, वरना भविष्य में बिगड़ी हुई सेहत से त्योहार बनाना भी मुश्किल हो सकता है.