Dengue Ke Lakshan: मानसून में बारिश से पानी का जमाव जगह-जगह होने लगता है. इससे मच्छर पनपते हैं और काटने लगते हैं. इनमें डेंगू के मच्छर भी होते हैं जो काट लें तो व्यक्ति को डेंगू का मरीज बना देते हैं. वहीं, बारिश में भीगने से भी बुखार हो जाता है. ऐसे में व्यक्ति को आम बुखार और डेंगू के बुखार (Dengue Fever) के बीच अंतर पता होना जरूरी है. इसी बारे में बताते हुए डॉ. शाचि , एसोसिएट कंसलटेंट, इंटरनल मेडिसिन, मेदांता पटना, ने मेदांता के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से पोस्ट हुए वीडियो में बताया है कि डेंगू के लक्षण (Dengue Symptoms) कैसे नजर आते हैं और डेंगू से बचाव के लिए क्या किया जा सकता है.
डेंगू के लक्षण क्या हैं
- डेंगू का मच्छर काट ले तो 5 से 7 दिनों तक डेंगू का बुखार रहता है
- यह तेज बुखार होता है जिससे व्यक्ति बुरी तरह परेशान हो जाता है
- सिर में दर्द महसूस होता है
- आंखों में दर्द महसूस होता है
- मरीज का जी मितलाने लगता है, उल्टी आती है
- हड्डियों और जोड़ों में दर्द होने लगता है, मसल्स में दर्द होता है
- शरीर पर रैशेज होने लगते हैं.
डेंगू का बुखार कैसा होता है
डॉक्टर ने बताया कि डेंगू का बुखार बेहद तेज आता है और यह आम बुखार उतारने की गोली से ठीक नहीं होता है. इस दौरान इस बात का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है कि डेंगू के बुखार में पैरासीटामोल की गोली के अलावा बुखार उतारने वाली और कोई गोली ना ली जाए. आमतौर पर लोग फार्मेसी से जाकर बुखार उतारने वाली ऐसी दवाएं ले आते हैं जो लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं. अगर आपको 1 से 2 दिन तक तेज बुखार आए और ठीक ना हो तो डॉक्टर से संपर्क करें.
डेंगू में ये उपाय आएंगे काम
डॉक्टर की सलाह है कि इस बात का खास ख्याल रखें कि आपके शरीर में पानी की कमी ना हो. तरल पदार्थों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें, ओआरएस का घोल और घर में बनाया हुआ ताजा जूस पिएं.
खिड़की पर जाली लगाएं, कमरे में मच्छरदानी लगाकर सोएं, बाहर निकलते हुए पूरे कपड़े पहने, जमा हुआ पानी निकाल दें, टायर वगैरह में पानी भरा ना हो यह ध्यान रखें, बाल्टियों को उल्टा रखें और मच्छर मारने वाली दवा का इस्तेमाल करें.
डेंगू कब बनने लगता है खतरनाक
डेंगू में प्लेटलेट्स का कम होना, छाती में पानी भरना और शरीर के किसी हिस्से से खून बहना जैसे मसूड़ों से, नाक से या शरीर पर लाल चकत्ते निकलना कुछ वॉर्निंग साइन हैं. अगर इनमें से कोई भी दिक्कत हो तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं. महिलाओं में डेंगू होने पर पीरियड्स समय से पहले आने या हैवी ब्लीडिंग की दिक्कत होती है, ऐसे में डॉक्टर से मिलें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.