Ramayana Box Office Collection Day 1: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही शानदार कमाई कर मेकर्स को मालामाल कर दिया है. रिलीज से पहले ही फिल्म का क्रेज ऑडियंस के सिर चढ़कर बोल रहा था, वहीं अब जब फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है तो इसने हर किसी का दिल जीत लिया है. सोशल मीडिया पर हर कोई फिल्म की स्टारकास्ट की एक्टिंग से लेकर फिल्म के VFX तक की खूब तारीफ कर रहा है. ये ही वजह है कि फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
भारत में कितनी की कमाई?
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार नितेश तिवारी की ‘रामायण’ ने ओपनिंग डे पर भारत में 64.85 करोड़ का कलेक्शन किया. इसकी ऑक्यूपेंसी 36.0% रही. वहीं शोज की बात करें तो पहले दिन फिल्म के शोज 25,200 रहे. ‘रामायण’ भारत में 5 भाषाओं में रिलीज हुई है. हिंदी में फिल्म ने 47.50 करोड़ की कमाई की. वहीं कन्नड़ में 7.25 करोड़, तेलुगु में 6 करोड़, तमिल में 2.60 करोड़ और मलयालम में 1.50 करोड़ की कमाई की. वहीं फिल्म का भारतीय ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रहा.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
वहीं दुनियाभर में फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. ओपनिंग डे पर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 127.50 करोड़ की धमाकेदार कमाई की. फिल्म की शुरुआत काफी शानदार हुई है. वहीं अपकमिंग वीकेंड पर इस फिल्म का आंकड़ा और बढ़ता नजर आएगा. दिवाली वीकेंड पर भी लोग अपनी फैमिली के साथ इस फैमिली फिल्म को देखने जाएंगे, जिससे फिल्म की कमाई में इजाफा देखने को मिलने वाला है.
फिल्म की स्टारकास्ट
‘रामायण’ में राम का किरदार रणबीर कपूर ने निभाया है. वहीं सीता के किरदार में साई पल्लवी, लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे और रावण के किरदार में यश दिखाई दिए. वहीं फिल्म में और भी सितारे नजर आए. इनमें रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेवा, शीबा चड्ढा, राघव जुयाल और सनी देओल जैसे सितारे शामिल हैं. इन सितारों ने अपनी एक्टिंग से सबका दिल जीत लिया. वहीं फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2028 में दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा.