पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि हानिया आमिर की एचडी तस्वीरें और पाकिस्तानी ड्रामा एपिसोड्स भारत में महज 25 रुपये में बेचे जा रहे हैं। इस वायरल दावे ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है और लोग इसकी सच्चाई जानने को उत्सुक हैं। क्या है पूरा मामला, चलिए आपको बताते हैं।
शख्स ने एक्ट्रेस को लेकर किया मजाक
दरअसल, पाकिस्तान के एक इंस्टाग्राम यूजर ने अपनी स्टोरी में मजाकिया लहजे में लिखा कि अगर किसी को हानिया आमिर की एचडी फोटोज या कोई भी पाकिस्तानी ड्रामा एपिसोड चाहिए तो उससे संपर्क करें, वो हर एपिसोड के लिए सिर्फ 25 रुपये लेगा। हालांकि ये पोस्ट मजाक के तौर पर शेयर किया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर यह इतनी तेजी से वायरल हुआ कि लोगों ने इसे सच मान लिया और बहस छिड़ गई।
हानिया आमिर का इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ बैन
इस पूरे विवाद के पीछे का माहौल और भी गंभीर हो गया जब भारत में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद हानिया आमिर का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। यही नहीं, कई दूसरे पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी भारत में बैन लगा दिया गया है। साथ ही, यूट्यूब पर कई पाकिस्तानी चैनल्स जैसे कि हम टीवी और एआरवाई डिजिटल पर भी प्रतिबंध की खबरें आई हैं।
हानिया आमिर का फर्जी पोस्ट
इस बीच, हानिया आमिर के नाम से एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बयान वायरल हुआ, जिसमें उन्हें पहलगाम हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया। हालांकि बाद में हानिया ने खुद सामने आकर इस फर्जी बयान का खंडन किया और एक लंबा नोट इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर साफ किया कि ये बातें उनके नाम से झूठी फैलाई गई हैं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया और न ही वो ऐसी किसी सोच से सहमत हैं।
हानिया ने पहलगाम हमले पर जताया था दुख
हानिया ने इस मौके पर दुख भी जताया और कहा कि ये समय संवेदनशील है और इसमें शांति और सहानुभूति की ज़रूरत है, न कि राजनीति की। उन्होंने हमले में मारे गए मासूम लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
जहां एक ओर सोशल मीडिया पर यह मजाकिया पोस्ट लोगों को हंसा रही है, वहीं दूसरी ओर ये घटना हमें याद दिलाती है कि फेक न्यूज और बिना तथ्यों के वायरल होती पोस्टें कैसे वास्तविक मुद्दों को भटका सकती हैं। हानिया आमिर इस वक्त न सिर्फ एक कलाकार के रूप में बल्कि एक जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में भी लोगों के सामने आई हैं।