Diljit Dosanjh Concert: मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने परमिशन नहीं दी है. 30 अक्टूबर को दिलजीत दोसांझ का ये कॉन्सर्ट दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने जा रहा था, वहीं अब इस कॉन्सर्ट को पुलिस ने परमिशन देने से इनकार कर दिया है. इस खबर से सिंगर के फैंस को बड़ा झटका लगा है. फैंस सिंगर के इस कॉन्सर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब वो सिंगर को लाइव गाता नहीं देख सकेंगे. इस बात की जानकारी साउथ डिस्ट्रिक्ट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ने ‘बुक माय शो’ को लिखे एक लेटर के जरिए दी गई है. सिंगर के कॉन्सर्ट को परमिशन का कारण भी उसी लेटर में बताया गया है.
क्यों नहीं दी गई परमिशन?
टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘बुक माय शो’ को भेजे गए लेटर में साउथ डिस्ट्रिक्ट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ने परमिशन ना देने की बात कही है और साथ ही इसका कारण भी बताया है. दरअसल दिल्ली पुलिस ने सिक्योरिटी की वजह से परमिशन देने से मना कर दिया है. लेटर में बताया गया है कि सुरक्षा घटनाओं और भारी भीड़ को नियंत्रित करने के पुख्ता इंतजाम न होने के चलते पुलिस ने ये फैसला किया है. अब इससे दिलजीत दोसांझ के फैंस उन्हें दिल्ली में लाइव नहीं सुन सकेंगे.
फैंस के मन में है सवाल
वहीं अब दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की टिकट बुक करने वाले फैंस के मन में कई सवाल हैं. जो लोग शो की टिकट बुक कर चुके हैं, वो रिफंड के बारे में सोच रहे हैं. हालांकि अभी तक रिफंड या फिर शो की नई तारीख की डिटेल्स सामने नहीं आई है. फैंस भी दिलजीत दोसांझ की टीम के ऑफिशियल स्टेटमेंट का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन ये तो तय ही है कि जल्द ही इस मामले पर सिंगर की टीम भी बात करते नजर आएगी.
कहां-कहां होगा कॉन्सर्ट?
बता दें दिलजीत दोसांझ अपने इंडिया टूर की शुरुआत दिल्ली से करने जा रहे थे. हालांकि अब दिल्ली में परमिशन ना मिलने की वजह से प्लान में कुछ बदलाव भी देखने को मिलेंगे. अभी भी ये दिलजीत दोसांझ का ये कॉन्सर्ट इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरू, लखनऊ और चंडीगढ़ में होने जा रहा है. इन शहरों में ऑडियंस अभी भी दिलजीत दोसांझ को लाइव गाते हुए देख सकेंगे.