International Film Festival Delhi IFFD Highlights: इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 इस बार पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. यह 7 दिवसीय महोत्सव 25 मार्च से 31 मार्च 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) और विभिन्न मल्टीप्लेक्सों में आयोजित किया गया. यहां दर्शकों ने फिल्मों के जरिए अपनी देशभक्ति को महसूस किया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा.
समापन के दिन हुई विशेष स्क्रीनिंग
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का सपामन 31 मार्च, 2026 यानी कल हुआ. इस दिन विशेष स्क्रीनिंग की गई. समापन के दिन “शतक: संघ के 100 वर्ष” (Shatak: Sangh ke 100 Varsh) की विशेष स्क्रीनिंग हुई, जो RSS की 100 साल की यात्रा और राष्ट्रीय आंदोलनों में उसकी भूमिका को दर्शाती है. इसके अलावा लोकमाता देवी अहिल्याबाई पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई. वहीं नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया (NFAI) द्वारा डिजिटल रूप से रीस्टोर की गई देशभक्ति की क्लासिक फिल्में जैसे ‘क्रांति’ (1981), ‘हकीकत’ (1964), ‘सात हिंदुस्तानी’ (1969) और ‘शहीद’ (1965) भी इस महोत्सव का हिस्सा बनीं.
देशभक्ति से सराबोर फिल्में
इस फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई फिल्में पूरी तरह से देशभक्ति से भरी हुई थीं. कुछ फिल्मों में स्वतंत्रता सेनानियों की कहानी थी, जिसमें उन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई की. वहीं कुछ फिल्म भारतीय सेना के जवानों के साहस को दिखाती थी. इसके अलावा कुछ फिल्म गांव के युवाओं की थी, जो देश की सेवा में लगे हुए थे. बता दें कि इस महोत्सव में 100 से अधिक देशों की लगभग 2,000 प्रविष्टियों में से चुनी गई 125 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया.
तिरंगे के सम्मान को दी गई प्राथमिकता
स्क्रीनिंग के दौरान हर फिल्म में तिरंगे का सम्मान दिखाया गया. जब स्क्रीन पर झंडा लहराता था, तो दर्शक खड़े होकर राष्ट्रगान गाते थे. फिल्मों के किरदारों ने देश के लिए कुर्बानी दी, जिसे देखकर लोगों की आंखें नम हो जाती थीं. सरल भाषा में बनी ये फिल्में हर उम्र के लोगों को छू गईं. बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सब रोमांचित थे.
फिल्म फेस्टिवल में दिग्गज हस्तियां
दिल्ली में चल रहे इस फिल्म फेस्टिवल का समापन 31 मार्च 2026 को हुआ है, जहां आखिरी दिन भी देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों का दबदबा रहा. बता दें कि इसका आयोजन दिल्ली सरकार और उसके पर्यटन विभाग द्वारा किया गया था. इस इवेंट में कई दिग्गज हस्तियों में शिरकत की. जैसे कि अनुपम खेर, अन्नू कपूर, पीयूष मिश्रा, इम्तियाज अली, शर्मीला टैगोर आदि. इस दौरान भारतीय सिनेमा के दिग्गज गुरु दत्त की जन्मशती मनाई गई और स्वर्गवासी दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी श्रद्धांजली दी गई.