Adil Hussain on Assam Floods: असम में इन दिनों बाढ़ ने कहर बरपा रखा है. बाढ़ के कारण कई लोग प्रभावित हो रहे हैं. असम आए बाढ़ पर मशहूर अभिनेता आदिल हुसैन गहरी चिंता जताई है. एक्टर ने कहा कि हम बचपन से हर साल भयानक बाढ़ देखते हुए आ रहे हैं. लेकिन इस बार हालत पहले के मुकाबले और भी ज्यादा खराब है.
आदिल हुसैन ने बाढ़ पर क्या कहा?
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए आदिल हुसैन ने कहा, ‘मैं बचपन से हर साल ऐसी बाढ़ देखते हुए बड़ा हुआ हूं. लेकिन इस बार यह और भी ज्यादा है. उन्होंने आगे कहा कि मैं गुस्सा, निराश, परेशान और दुखी हूं. क्योंकि यह प्रॉब्लम हर साल आती है. इतने समय के बाद भी इस समस्या का कोई हल नहीं निकल रहा है. आदिल हुसैन ने आगे यह भी कहा, ‘बिना प्लानिंग के नए शहर बस गए हैं. इतना ही नहीं पेड़ काट दिए गए और लदली जमीनों पर इंडस्ट्री को लगाया गया है. बाढ़ जैसी समस्या को ठीक करने के लिए कोई भी प्लान नहीं बनाया गया है, जिससे लोगों की परेशानी को कम किया जा सके’.
आदिल हुसैन ने सरकार से की खास अपील
आदिल हुसैन ने अपने परिवार के बारे में भी बात की है. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मेरी बहन के बच्चे और पति सभी लोग सिवसागर में रहते हैं. इस समय उनके घर में पानी भर गया है. मैं उन लोगों की मदद करने की कोशिश कर रहा हूं. लेकिन इस बार हालत पहले से ज्यादा खराब हैं.
आदिल ने सरकार से बाढ़ जैसी समस्याओं के लिए स्थायी हल निकालने की अपील की है. उन्होंने कहा, ‘आज हमारे देश भारत के वैज्ञानिक चांद पर सैटेलाइट भेज रहे हैं. वहीं कई देशों ने बाढ़ के प्रॉब्लम से निपटने के लिए हल भी चुन लिया है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नीदरलैंड जैसे देश ने समुद्र से जमीन तक वापस ले ली है. लेकिन हमारी सरकारें बाढ़ जैसी समस्या का हल नहीं निकाल पा रही हैं.