झारखंड के जामताड़ा जिले में एक रेलवे ट्रैक पर एक युवा जोड़े के शव मिले. रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले 20 वर्षीय रॉकी कुमार मंडल और 18 वर्षीय नाजिया खातून दोनों ही अलग-अलग धर्म से ताल्लुक रखते थे. उनके शव स्थानीय रेलवे पानी की टंकी के पास मिले. पुलिस का कहना है कि ये दोनों कुछ वर्षों से रिलेशनशिप में थे. दोनों लोग शुक्रवार शाम एक मेले में जाने के लिए अपने घर से निकले थे. इसके बाद दोनों लोग एक मंदिर भी गए थे.
रॉकी और नाजिया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपना एक-एक हाथ नीले कपड़े से बांध रखे हैं. यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था. वीडियों में दोनों ने गांववालों से अपील की है कि उन दोनों को अलग ना किया जाए.
पोस्ट में उन्होंने लिखा है, ‘मैं गांव वालों से अभी कह रहा हूं कि इस बंधन को कभी अलग मत करना. हमें जहां भी दफनाना हो या जो भी करना हो, एक साथ ही करना.’
पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है कि दोनों की मौत कैसे हुई. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों ने सुसाइड किया है या फिर किसी ने हत्या की है. इसके अलावा उनके रिश्ते के बारे में भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है. ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है. दोनों की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें लड़की के माथे पर सिंदूर दिख रहा है.
अभी पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में एक ग्रामीण के हवाले से लिखा है कि दोनों के परिवारों को उनके रिश्ते पर ऐतराज था. उनके रिश्ते के बारे में पता चलने पर करीब दो साल पहले दोनों समुदायों के लोगों ने एक बैठक की थी. बैठक में यह तय हुआ था कि दोनों की शादी करा दी जाए, लेकिन उनके परिवारों ने इस प्रस्ताव को नहीं माना.