उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की महिला का शव मुंबई में कूड़े के ढेर से बरामद हुआ है. मृतका की पहचान गांव सादकपुर निवासी 27 वर्षीय रुखसाना के रूप में हुई है, जो गत 9 जुलाई को 3 बच्चों को छोड़कर प्रेमी मोहम्मद साकिब के साथ भागकर मुंबई गई थी. वह ऑटो चलाने वाले प्रेमी साकिब के साथ शांता क्रूज इलाके में रहती थी, लेकिन शव बांद्रा से बरामद हुआ है. साकिब ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर रुखसाना की हत्या करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है.
साकिब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिजनौर के नहटौर निवासी शहरीन उनकी पत्नी थी, लेकिन वह उन्हें छोड़कर मायके में चली गई थी. कुछ दिन पहले शहरीन अपने पिता सरताज, भाई समीर और मां फरजाना के साथ मुंबई आई. 27 सितंबर 2026 को वह ऑटो लेकर कमाने के लिए निकला और शाम को घर लौटा, लेकिन उसे रुखसाना नहीं मिली. आस-पास तलाशने पर भी उसका सुराग नहीं मिला. सहेलियों, रिश्तेदारों और बिजनौर में पड़ोसियों से पूछा लेकिन वह नहीं मिली.
शांता क्रूज पुलिस ने साकिब की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शहरीन से पूछताछ की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. इस बीच रविवार रात को रुखसाना का शव बांद्रा से बरामद हुआ, जिसके बारे में रुखसान के चाचा जफरुद्दीन को बताया गया और शव ले जाने के लिए मुंबई बुलाया गया. वहीं साकिब ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पत्नी शहरीन और उसके मायके वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साकिब को शक है कि वे उसकी हत्या भी कर सकते हैं.
बिजनौर निवासी साकिब के अनुसार, रुखसाना से उसकी मुलाकात 6 साल पहले हुई थी, लेकिन 4 साल पहले उसके घरवालों को उनके प्रेम प्रसंग का पता चल गया था तो उन्होंने रुखसाना का निकाह मुरादाबाद के थाना कांठ के गांव निवासी युवक से कर दिया गया. साकिब भी निकाह के बाद मुंबई चला गया और वहीं रहते हुए ऑटो चलाने लगा. जुलाई 2026 में वह बिजनौर आया तो यहां रुखसाना से फिर मुलाकात हुई. इसके बाद रुखसाना 3 और साकिब 2 बच्चों को छोड़कर फरार हो गया.