रिलायंस ग्रुप की फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई जियो पेमेंट सॉल्यूशंस ने क्रॉस बॉर्डर पेमेंट की सुविधा की शुरुआत कर दी है, जिसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भी मंजूरी दे दी है. इसका सीधा फायदा भारतीय कारोबारियों और एक्सपोर्टर्स को होगा, क्योंकि इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन के लिए उन्हें एक आसान विकल्प मिल गया है. इस सुविधा के जरिए भारतीय कारोबारी विदेशों में मौजूद अपने ग्राहकों से अलग-अलग माध्यमों के जरिए भुगतान प्राप्त कर सकेंगे.
क्रॉस बॉर्डर पेमेंट सुविधा से क्या फायदा?
कंपनी के मुताबिक, क्रॉस बॉर्डर पेमेंट को शुरू करने से पहले उसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट्स के लिए पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर काम करने की मंजूरी मिली है. यह अनुमति निर्यात और आयात, दोनों तरह के लेनदेन को कवर करती है. ऐसे में यह सुविधा सिर्फ विदेशों में सामान बेचने वाले निर्यातकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवाएं देने वाले कारोबारियों के लिए भी उपयोगी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Free FASTag Recharge: हाईवे पर गंदे टॉयलेट की फोटो खींचो और पाओ 1000 रुपये का FASTag रीचार्ज, जानें NHAI का नियम
क्या है क्रॉस बॉर्डर पेमेंट सुविधा?
क्रॉस बॉर्डर पेमेंट का मतलब ऐसे ट्रांजेक्शन से है, जिसमें कस्टमर और विक्रेता अलग-अलग देशों में होते हैं. उदाहरण के तौर पर अगर भारत की कोई कंपनी अमेरिका, यूरोप या किसी अन्य देश में ग्राहक को सामान या डिजिटल सेवा बेचती है और उसके बदले विदेश से पैसा प्राप्त करती है, तो यह अंतरराष्ट्रीय भुगतान कहलाता है. अब तक छोटे कारोबारियों और नए निर्यातकों के सामने ऐसी रकम हासिल करने में कई तरह की दिक्कतें आती थी. अलग-अलग देशों की करेंसी, कई मिडिल मैन, डॉक्यूमेंटेशन और पेमेंट का हिसाब रखने जैसे काम कारोबारियों के लिए एक्स्ट्रा बोझ बनता था. जियो पेमेंट सॉल्यूशंस का दावा है कि उसकी नई सेवा इस प्रक्रिया को एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए आसान बनाने में मदद करेगी.
किन तरीकों से मिलेगा भुगतान?
इस सुविधा के तहत विदेशी ग्राहक वर्चुअल अकाउंट, इंटरनेशनल कार्ड और स्थानीय पेमेंस सर्विसेज के जरिए भुगतान कर सकेंगे. आसान भाषा में कहें तो अब कस्टमर अपने देश में उपलब्ध लोकप्रिय पेमेंट विकल्पों का इस्तेमाल भी कर सकेगा. कंपनी ने छोटे और मध्यम कारोबारियों से लेकर बड़े डिजिटल कारोबारों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कई ऑप्शन भी पेश किए हैं.
यह भी पढ़ें: Jio का एक रिचार्ज और 84 दिन की छुट्टी! 252GB डेटा के साथ फ्री मिलेगा Netflix और Google Gemini Pro