Stock Market Update: नए साल के पहले दिन शेयर बाजार में हरियाली छाई रही। शुरुआती कारोबार में जरूर मार्केट कुछ देर के लिए नीचे आया, लेकिन उसके बाद यह ग्रीन लाइन पकड़कर चलता रहा। दुनिया के अधिकांश शेयर बाजार आज बंद रहे, ऐसे में निवेशकों की निगाहें भारतीय बाजार पर टिकीं थीं। उन्हें उम्मीद थी कि बाजार नए साल का आगाज उछाल के साथ करेगा और ऐसा ही हुआ।
आज इतना चढ़ा बाजार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1 जनवरी, 2025 को 368.40 अंकों की उछाल के साथ 78,507.41 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 98.10 अंक चढ़कर 23,742.90 पर पहुंच गया। भले ही यह उछाल ज्यादा बड़ी नहीं है, लेकिन साल की शुरुआत पॉजिटिविटी के साथ होना राहत देने वाला है।
हैवीवेट स्टॉक्स में बढ़त
आज के कारोबार में अधिकांश हैवीवेट शेयर भी बढ़त हासिल करने में कामयाब रहे। Reliance Industries, Maruti Suzuki India, Mahindra And Mahindra, HDFC Bank, ICICI Bank आदि बढ़त के साथ बंद हुए। जबकि देश के सबसे बड़े आईपीओ के साथ भारतीय बाजार में लिस्ट होने वाली Hyundai Motor India का शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। आज इसमें 0.45% का नुकसान देखने को मिला।
यहां नहीं हुआ कारोबार
दुनियाभर के अधिकांश प्रमुख शेयर बाजार 1 जनवरी 2025 को कारोबार के लिए बंद रहे। एशिया में, जापान, चीन, ताइवान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के मार्केट में नए साल के उपलक्ष्य में कारोबार नहीं हुआ। इसी तरह, अमेरिकी और सभी यूरोपीय बाजारों में भी आज छुट्टी रही। ऐसे में भारतीय बाजार में भी निवेश करने वाले निवेशकों की नजरें BSE और NSE पर टिकी हुई थीं, जिसने साल के पहले दिन उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है।