अगर आप बाहर किसी दूसरे शहर में नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में रहते हैं और आपके पास वहां का लोकल एड्रेस प्रूफ नहीं है, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के 5 किलो वाले ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर पर ग्राहकों को खास बायबैक सुविधा मिल रही है. इस योजना के तहत ग्राहक जब भी अपना सिलेंडर वापस करेंगे, तो उन्हें प्रति सिलेंडर 500 रुपये की निश्चित रकम वापस लौटा दी जाएगी.
बिना सिक्योरिटी डिपॉजिट और एड्रेस प्रूफ के कनेक्शन
इंडियन ऑयल का ‘छोटू’ 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिनकी गैस की खपत कम है या जो दूसरे शहरों में किराए पर रहते हैं. इस कनेक्शन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे लेने के लिए किसी लोकल एड्रेस प्रूफ (स्थानीय पते के प्रमाण) की जरूरत नहीं होती. ग्राहक सिर्फ अपनी वैध पहचान का सबूत देकर नया कनेक्शन तुरंत ले सकते हैं. इसके लिए कोई सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा नहीं करना पड़ता है.
वापस करने पर मिलेंगे सीधे 500 रुपये
अगर ग्राहक ने बिक्री केंद्र से यह सिलेंडर खरीदा है, तो काम खत्म होने या शहर छोड़ते समय वह इसे आसानी से वापस कर सकता है. आपने इसे चाहे जितने भी दिन इस्तेमाल किया हो, सिलेंडर सरेंडर करते ही 500 रुपये की निश्चित बायबैक राशि सीधे वापस मिल जाएगी.
कहां से मिलेगा और कैसे होगी डिलीवरी?
ग्राहक ‘इंडेन’ डिस्ट्रीब्यूटरशिप के बड़े नेटवर्क के अलावा इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट्स, चुनिंदा किराना दुकानों और लोकल सुपरमार्केट्स से ‘छोटू’ सिलेंडर खरीद या रिफिल करवा सकते हैं. इसके अलावा, ग्राहक चाहें तो पॉइंट ऑफ सेल्स के जरिए घर बैठे रिफिल डिलीवरी भी पा सकते हैं, जिसके लिए प्रति रिफिल 25 रुपये का अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज देना होता है.