कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए एक साथ कई बड़ी खुशखबरी सामने आ रही हैं. सरकार न केवल न्यूनतम पेंशन में 7.5 गुना की भारी बढ़ोतरी पर विचार कर रही है, बल्कि अब पीएफ खाते से पैसा निकालना भी पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. ईपीएफओ जल्द ही एटीएम (ATM) से निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है.
न्यूनतम पेंशन में होगा इजाफा!
कर्मचारी पेंशन योजना के तहत वर्तमान में मिलने वाली 1,000 रुपए की न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपए किया जा सकता है. इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से लिखा है, सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है. मजदूर संघों के कड़े दबाव और एक संसदीय समिति की सिफारिश के बाद इस फैसले पर जल्द ही अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है.
अब ATM से निकलेगा PF का पैसा
पैसे की निकासी को तेज और सरल बनाने के लिए ईपीएफओ अब एटीएम-आधारित निकासी की शुरुआत करने जा रहा है. इससे सदस्यों को इमरजेंसी की स्थिति में फंड तक पहुंचने में आसानी होगी और लंबी कागजी प्रोसेस से छुटकारा मिलेगा.
इसके अलावा, ईपीएफओ ने चालू वित्त वर्ष के लिए 8.25% ब्याज दर का प्रस्ताव दिया है, जो वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलते ही सब्सक्राइबर्स के खातों में जमा कर दिया जाएगा.
क्लेम सेटलमेंट में नया रिकॉर्ड
ईपीएफओ ने ऑटोमेशन के जरिए प्रोसेसिंग स्पीड में भारी सुधार किया है. अब करीब 71.11% एडवांस क्लेम महज तीन दिनों के भीतर निपटाए जा रहे हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 में ईपीएफओ ने 8.31 करोड़ दावों का निपटान कर नया रिकॉर्ड बनाया है.
निष्क्रिय खातों के लिए ‘ई-प्राप्ति’ पोर्टल लॉन्च
ईपीएफओ ने उन कर्मचारियों के लिए ‘E-PRAAPTI’ नामक एक नया प्लेटफॉर्म पेश किया है जिनके पीएफ खाते लंबे समय से निष्क्रिय पड़े हैं. इस पोर्टल के जरिए यूजर्स आधार-आधारित एक्सेस का उपयोग करके अपने पुराने खातों को आसानी से लिंक कर सकेंगे, भले ही उनका खाता यूएएन से लिंक न हो.