साल 2022 में Elon Musk ने Apple को एक प्रस्ताव दिया। उन्होंने Apple के CEO Tim Cook को सिर्फ 72 घंटे का समय दिया, जिसमें Apple को 5 अरब डॉलर की डील मंजूर करनी थी। इस डील के तहत SpaceX को iPhone के लिए एक्सक्लूसिव सैटेलाइट प्रोवाइडर बनाया जाना था। लेकिन Apple ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद Elon Musk ने Apple को टक्कर देने की तैयारी शुरू कर दी और टी-मोबाइल के साथ साझेदारी का ऐलान कर दिया, जो iPhone 14 की लॉन्चिंग से दो हफ्ते पहले हुआ था। इससे Apple की सैटेलाइट योजना पर संकट के बादल मंडराने लगे। यह विवाद न सिर्फ बाजार को हिला रहा है, बल्कि Apple के अंदर भी बड़ी लड़ाई छिड़ गई है।
SpaceX की चुनौती और कानूनी जंग
Apple ने सालों पहले “Project Eagle” नाम से एक बड़ा सैटेलाइट प्रोजेक्ट शुरू किया था, लेकिन वह रद्द हो गया था। बाद में कंपनी ने ग्लोबलस्टार के साथ काम करना शुरू किया, लेकिन Elon Musk ने इसका विरोध शुरू कर दिया। SpaceX ने ग्लोबलस्टार के रेडियो स्पेक्ट्रम के अधिकारों को लेकर कानूनी शिकायतें दर्ज कर दीं। उनका कहना था कि ग्लोबलस्टार बिना इस्तेमाल किए हुए स्पेक्ट्रम को रोककर अन्य कंपनियों को बाजार में आने से रोक रहा है। SpaceX ने Apple का नाम लेकर आरोप लगाए।
Apple के भीतर मचा घमासान
Apple के अंदर भी सैटेलाइट सर्विस को लेकर एक बड़ा विवाद चल रहा है। कंपनी के कुछ सीनियर अधिकारी जैसे कि सॉफ्टवेयर हेड क्रेग फेडरिघी और कॉर्पोरेट डेवलपमेंट प्रमुख एड्रियन पेरिका इस योजना को बंद करने के पक्ष में हैं। उनका मानना है कि ग्लोबलस्टार की सर्विस क्वालिटी SpaceX की Starlink से बहुत पीछे है और आने वाले कई सालों तक इसमें कोई बड़ा सुधार नहीं होगा। कुछ अधिकारी यह भी मानते हैं कि इस दिशा में आगे बढ़ना Apple को सरकारी टेलीकॉम रेगुलेशन में घसीट सकता है, जिससे कंपनी को प्राइवेसी से जुड़ी बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
Apple का बड़ा निवेश और आगे की राह
भीतरी विवाद और Elon Musk के दबाव के बावजूद Apple ने हार नहीं मानी है। कंपनी ने ग्लोबलस्टार में 1.7 अरब डॉलर का निवेश किया है और नए सैटेलाइट्स के निर्माण में मदद कर रही है। हालांकि Elon Musk चाहते हैं कि Apple उनके टी-मोबाइल आधारित Starlink सर्विस को सभी पुराने iPhone मॉडल्स पर सपोर्ट करे, लेकिन Apple ने अभी तक इसे मानने से इनकार कर दिया है। जुलाई में जब टी-मोबाइल की नई सर्विस लॉन्च होगी, तब कुछ iPhone मॉडल्स डिफॉल्ट रूप से Starlink से कनेक्ट होंगे, जिससे यह विवाद और गहराने की संभावना है।