Numerology Personality Traits: क्या आपने कभी नोटिस किया है कि कुछ लोग आपकी बात सिर्फ सुनते नहीं, बल्कि ऐसा लगता है कि उसे सच में समझते भी हैं? आप अपनी परेशानी बताएं और वो बिना जजमेंट किए, पूरे ध्यान से आपकी बात सुनते रहें. सच में, ऐसे लोगों के साथ बैठकर एक अलग ही सुकून मिलता है. अंक ज्योतिष के अनुसार, कुछ खास तारीखों में जन्मे लोगों में यह सुनने और समझने की खूबी बहुत ज्यादा होती है. ये लोग सामने वाले को पूरा समय देते हैं, बीच में टोकते नहीं और बिना वजह सलाह थोपने से बचते हैं. यही वजह है कि दोस्त, परिवार और करीबी लोग इनसे दिल की बातें शेयर करना पसंद करते हैं. आइए जानते हैं, कौन-सी तारीखों में जन्मे लोग बेहतरीन श्रोता माने जाते हैं और क्या आप भी उनमें से एक हैं?
मूलांक 2 – दिल से समझने वाले लोग
अंक ज्योतिष में मूलांक 2 यानी 2, 11, 20 या 29 तारीख को जन्मे लोगों का संबंध चंद्रमा से है, जो भावनाओं और संवेदनशीलता के स्वामी हैं. इन तारीखों में जन्मे लोग काफी केयरिंग और समझदार स्वभाव के माने जाते हैं. जब कोई इनके सामने अपनी बात रखता है, तो ये आराम से पूरी बात सुनते हैं. जल्दी फैसला नहीं सुनाते और न ही सामने वाले की भावनाओं को नजरअंदाज करते हैं. यही वजह है कि लोग अपनी परेशानियां लेकर इनके पास आना पसंद करते हैं और उनके आसपास के लोग, चाहे दोस्त हों या परिवार, उन्हें अपना सबसे करीबी मानते हैं. इनके साथ बात करने के बाद अक्सर लोगों को मन हल्का महसूस होता है.
मूलांक 3 – समझदार श्रोता, अच्छे एडवाइजर
मूलांक 3 वाले लोग यानी 3, 12, 21 या 30 तारीख को पैदा हुए लोग, अपनी समझदारी और ज्ञान के लिए जाने जाते हैं. बृहस्पति के प्रभाव से जुड़े माने जाने वाले ये लोग दूसरों की बातों को ध्यान से समझते हैं. इनकी आदत होती है कि पहले पूरी बात सुनते हैं, फिर सोचते हैं और उसके बाद अपनी राय देते हैं. इसी वजह से लोग इनकी सलाह को महत्व देते हैं. ये सिर्फ बोलने में नहीं, बल्कि सुनने की कला में भी अच्छे माने जाते हैं. ऐसे लोग दुर्लभ होते हैं. अगर आपके आसपास कोई ऐसा है, तो उसे कभी खो मत दीजिएगा, क्योंकि असली दोस्त वही है, जो न केवल सुनना जानता है, बल्कि सही समय पर सच्ची सलाह भी देता है.
सुनने की कला से बना लेते हैं अपना
इन तारीखों में जन्मे लोगों की सबसे बड़ी खूबी होती है कि ये दूसरों को महत्व महसूस कराते हैं. आज के समय में जहां हर कोई अपनी बात रखने में लगा है, वहां किसी को ध्यान से सुनना बहुत खास बात है. अगर आपकी जिंदगी में कोई ऐसा इंसान है जो बिना टोके आपकी बातें सुनता है और आपको समझता है, तो उसकी कद्र जरूर करें. क्योंकि अच्छे श्रोता मिलना आसान नहीं होता है. वाकई में, इन सभी तारीखों के लोग जहां भी जाते हैं, अपनी सुनने की कला से सबको अपना बना लेते हैं.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.