बौखलाए पाकिस्तान ने फिर बंद किया एयरस्पेस, लाहौर-इस्लामाबाद से उड़ानें बंद

पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद बुधवार शाम को अपना एयरस्पेस खोल दिया था। हालांकि इस फैसले के 12 घंटे बाद ही पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने लाहौर और इस्लामाबाद के लिए एयरस्पेस फिर से बंद रखने का फैसला किया है। अथॉरिटी ने कराची एयरपोर्ट को चालू रखने का फैसला किया है।

Pakistan airspace closure

Pakistan airspace closure

पाकिस्तान सरकार ने लाहौर और इस्लामाबाद हवाई अड्डों पर सभी कॉमर्शियल उड़ानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद रखने का फैसला किया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अपने बयान में कहा कि देश का हवाई क्षेत्र लाहौर और इस्लामाबाद हवाईअड्डों पर सभी कॉमर्शियल उड़ानों के लिए बंद है। इससे पहले पाकिस्तान नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देर रात पाकिस्तान का एयरस्पेस खोलने की बात कही थी। ऐसे में अब केवल कराची एयरपोर्ट पर ही उड़ानों की आवाजाही हो रही है। कराची एयरपोर्ट फिलहाल बंद नहीं है।

48 घंटे के लिए बंद किया था एयरस्पेस

बता दें कि इससे पहले भारत के आतंकी ठिकानों पर हमले के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपना एयरस्पेस 48 घंटे के लिए बंद करने का ऐलान किया था। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इंटरनेशनल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन में भारत की कार्रवाई को लापरवाह और उकसाने वाला एक्शन बताया। इसके बाद पाकिस्तान ने इस घटनाओं के चलते एयरस्पेस को 48 घंटों के लिए सभी एयर ट्रैफिक को बंद करने का ऐलान किया था।

पाकिस्तान की ओर से फायरिंग जारी

इधर भारत ने पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच सीमाई इलाकों में एयर डिफेंस यूनिट्स को एक्टिव कर दिया है। रक्षा अधिकारियों ने ये जानकारी दी है। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलीबारी कर रहा है। ये गोलीबारी कुपवाड़ा सेक्टर में की जा रही है। इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान की गोलीबारी से 15 नागरिकों के मौत की खबर सामने आई थी। सीमा पर लगातार हो रही गोलीबारी को लेकर बुधवार शाम को बीएसएफ के डीजी ने पीएम मोदी से मुलाकात की। पीएम ने डीजी से सीमावर्ती क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का आदेश दिया था।

पाकिस्तान ने फिर दी गीदड़भभकी

भारत ने पहलगाम हमले के 15 दिन बाद 6 और 7 मई की रात को पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंक के 9 ठिकानों को तबाह किया था। इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। इसके बाद से ही पाकिस्तान की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। देर रात पाकिस्तान के पीएम ने एक बार फिर भारत को गीदड़भभकी दी। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को कड़े परिणाम भुगतने होंगे। भारत ने पिछली रात जो गलती की है, उसे उसकी भारी कीमत चुकानी होगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ