Nepal GenZ Protests: नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन लगाने के फैसले के खिलाफ शुरू हुआ युवाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। सोमवार से जारी इस आंदोलन में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और हालात कई शहरों में बेकाबू बने हुए हैं। मंगलवार को जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के निजि आवास, प्रधानमंत्री के आवास समेत कई मंत्रियों के घर पर कब्जा कर तोड़फोड़ और आगजनी की है। जानिए अब तक वहां क्या-क्या हुआ।
नेताओं के घरों पर हमला
मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और शेर बहादुर ‘देउबा’ के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की। इसी दौरान गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके रमेश लेखक और संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुङ के आवास को भी भीड़ ने निशाना बनाया। बता दे कि अब तक नेपाल के 5 मंत्रियों के इस्तीफे देने की खबर सामने आई है, जिसमें स्वास्थ्य, कृषि और गृह मंत्रालय शामिल है। अन्य दो मंत्रियों के बारे में पता नहीं लग सका है।
स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल ने पद छोड़ते हुए कहा कि इस स्थिति में सरकार का हिस्सा बने रहना उचित नहीं है। इसके साथ ही नेपाली कांग्रेस के महासचिव गगन थापा ने भी इस्तीफा दे दिया है।
कई शहरों में कर्फ्यू
नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के बीच कई इलाकों में हिंसा और सरकारी दफ्तरों पर हमले की घटनाएं हुईं। जनकपुर में मंत्रिमंडल कार्यालय को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया, जिसके बाद वहां कर्फ्यू लगा दिया गया। इसी तरह वीरगंज में भी कल शाम से कर्फ्यू लागू है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
हवाई अड्डे को घेरा
काठमांडू में भी शहर के कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की खबरे सामने आई है। इसके साथ-साथ हिलटन होटल में भी प्रदर्शकारियों ने कब्जा कर लिया है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी प्रदर्शनकारी पहुंच चुके हैं। बता दे पीएम ओली की हेलीकॉप्टर द्वारा दुबई भागने की तैयारी है। ओली को आवास ने निकालने की तैयारियां भी हो रही है।
बिहार के 7 बॉर्डर सील
नेपाल हिंसा के चलते बिहार के 7 जिलों में बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल, पूर्वी चंपारण और किशनगंज की सीमाएं शामिल है। वहीं, आने-जाने वालों की कड़ी तलाशी की जा रही है। SSB को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।