'मोजतबा खामेनेई हमें मंजूर नहीं', ईरान के अगले सुप्रीम लीडर पर ट्रंप का बड़ा बयान
Author: Akarsh Shukla
Mar 05, 2026 11:17 PM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की इच्छा जाहिर की है. एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई का उत्तराधिकारी बनना उन्हें मंजूर नहीं. उन्होंने वेनेजुएला में निकोलस मादुरो दंपति की गिरफ्तारी के बाद अपने हस्तक्षेप का हवाला देते हुए कहा, ‘वे अपना समय बर्बाद कर रहे हैं. खामेनेई का बेटा हल्का-फुल्का है. मुझे नियुक्ति में शामिल होना है.’
ट्रंप को मोजतबा को ‘अस्वीकार्य’
ट्रंप ने मोजतबा को ‘अस्वीकार्य’ करार देते हुए ईरान में ‘सौहार्द और शांति’ लाने वाले नेता की मांग की. यह बयान पिछले सप्ताह अमेरिकी-इजरायली संयुक्त सैन्य हमले में खामेनेई की मौत के बाद आया है. रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान ने उत्तराधिकारी की घोषणा टाल दी है, हालांकि 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. लेकिन मुंबई में ईरानी दूतावास ने एक्स पर खारिज करते हुए कहा, ‘एक्सपर्ट्स असेंबली द्वारा चयनित नेतृत्व उम्मीदवारों की मीडिया रिपोर्टों का कोई आधिकारिक स्रोत नहीं, इन्हें अस्वीकार किया जाता है.’
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट जंग रोकने के लिए भारत-फ्रांस आए साथ, PM मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने की बातचीत
अमेरिका के साथ भड़का सकता है नया संघर्ष
ट्रंप ने चेताया कि खामेनेई की नीतियों का पुनरावृत्ति अमेरिका के साथ नया संघर्ष भड़का सकता है. गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में तनाव छठे दिन भी चरम पर है. 28 फरवरी के हमले के जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों की बाढ़ ला दी, जो अरब देशों, अमेरिकी अड्डों व इजरायली संपत्तियों पर केंद्रित रहीं. इजरायल ने तेहरान पर हमले जारी रखे और संघर्ष को लेबनान तक फैला दिया, जहां हिजबुल्लाह को निशाना बनाया. ट्रंप का हस्तक्षेप ईरान में सत्ता परिवर्तन की मांग को बल दे रहा है, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए नया खतरा बन सकता है.
यह भी पढ़ें: इजरायल में आर्थिक मंदी की आहट? जानिए- ईरान से जंग की कितनी चुकानी पड़ रही कीमत