Ronny Yordrix Guanipa Chrinos Arrested: व्हाइट हाउस के पास वेनेजुएला के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया. उस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की धमकी देने का आरोप है. डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) और यूएस सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक आरोपी जिस गाड़ी का इस्तेमाल कर रहा था, उसमें कई हथियार मिले हैं.
कौन है ये शख्स?
इस आरोपी की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस के तौर पर हुई है. वो अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू के किनारे खड़ी एक गाड़ी में बैठा था, तभी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों का ध्यान उस पर गया. संदिग्ध व्यवहार देखकर अधिकारी उसके पास पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि बातचीत के दौरान चिरिनोस ने कहा कि वो अमेरिकी राष्ट्रपति को मारने के इरादे से वहां आया था. उसने ये भी दावा किया कि उसे दिमाग कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं, जैसे कि ट्रंप को मार दो.
गाड़ी से कई हथियार बरामद
जांच में पता चला कि ये गाड़ी चोरी की थी. तलाशी लेने पर गाड़ी से कई हथियार मिले, जिनमें AR-15 स्टाइल की राइफल, मैक-10 (Mac-10) हथियार और ग्लॉक 43X (Glock 43X) पिस्टल शामिल हैं. DHS के अधिकारियों ने पुष्टि की कि चिरिनोस मार्च 2024 में टेक्सास सीमा के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था. तब उसे US बॉर्डर पेट्रोल ने हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही छोड़ दिया गया था.
सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षा खतरों पर चिंता जताई
सीक्रेट सर्विस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उनके एजेंटों ने अपनी ट्रेनिंग और तजुर्बे का इस्तेमाल करते हुए इस खतरनाक स्थिति को संभाला और इसे और बिगड़ने से रोका. प्रवक्ता ने व्हाइट हाउस कैंपस के आसपास हथियारों से लैस लोगों की बढ़ती तादाद और सुरक्षा से जुड़े खतरों पर भी चिंता जताई. एजेंसी ने कहा कि उनके कर्मी राष्ट्रपति और आम जनता की सुरक्षा करते हुए ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.
रॉनी पर कई आरोप दर्ज
रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस पर कई आरोप लगाए गए हैं, जिनमें बिना रजिस्ट्रेशन वाले हथियार और गोला-बारूद रखना, प्रतिबंधित खतरनाक हथियार रखना और बिना इजाजत के गाड़ी का इस्तेमाल करना शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि कुछ अन्य संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं. इस घटना की जांच अभी चल रही है.