यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के कई अहम ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले करने का दावा किया है. शनिवार को जारी बयान में हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि ऑयल रिफाइनरी, हवाई अड्डों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. इनमें रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दम्माम का किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सऊदी अरामको की यानबू स्थित सुविधा शामिल हैं. हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने इन दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की.
हूती विद्रोहियों ने ये दावा ऐसे समय किया है, जब यमन में संघर्ष फिर तेज हो रहा है और पश्चिम एशिया में ईरान को लेकर जारी युद्ध के बीच क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है. सऊदी अरब ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ अपनी सैन्य गतिविधियां तेज की हैं. विद्रोहियों के हमलों से सऊदी अरब के बुनियादी ढांचे और तेल निर्यात मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
बैलिस्टिक मिसाइलें नष्ट करने का दावा
हूती विद्रोहियों के हमले के दावे से कुछ घंटे पहले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा था कि उसने ताइफ और यानबू की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया. सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने ताइफ, यानबू, मक्का और जेद्दा के निवासियों को संभावित खतरे की चेतावनी दी थी. करीब 10 मिनट बाद खतरा टलने की सूचना दी गई.
दम्माम में 2 लोगों की हुई थी मौत
हूती प्रवक्ता के मुताबिक, शनिवार को ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन, कच्चे तेल के पंपिंग स्टेशन, यानबू स्थित अरामको की सुविधा और राबिग तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया. इससे पहले गुरुवार को भी हूती विद्रोहियों ने रियाद में सऊदी रक्षा मंत्रालय और तेल प्रतिष्ठानों पर हमले का दावा किया था. सऊदी अधिकारियों ने दम्माम में 2 लोगों की मौत की जानकारी दी थी, हालांकि रियाद और यानबू में कथित हमलों की पुष्टि नहीं की थी.
IndiGo-अकासा की उड़ानें रद्द, एडवाइजरी भी जारी
सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने जेद्दा, दम्माम, मदीना और रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं. वहीं, अकासा एयर ने जेद्दा की उड़ानें 10 नवंबर और रियाद की उड़ानें 30 नवंबर तक सस्पेंड रखने का ऐलान किया है. जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सऊदी अरब में मौजूद भारतीय नागरिकों, खासकर उमरा यात्रियों की सहायता के लिए एडवाइजरी जारी की है.