ईरान में फंसे अपने दो पायलटों को बचाने के महीनों बाद अमेरिकी एयरफोर्स ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उस खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन को दिखाया गया है. CBS न्यूज के 60 मिनट्स प्रोग्राम को सबसे पहले मिले वीडियो में दो अधिकारियों-अल्फा और ब्रावो को ढूंढते और बचाते हुए नजर आया. अधिकारियों को ये नाम सुरक्षा कारणों की वजह से दिए गए हैं. ईरानी सेना के उनके जेट विमानों को मार गिराए जाने के बाद वे एयरक्राफ्ट से बाहर निकल गए थे. इस घटना के बाद अमेरिका ने उन दोनों को सर्च और रेस्क्यू करने के लिए 90 से ज्यादा सैनिकों को तैनात किया. CBS न्यूज ने बताया कि इसके साथ ही सैकड़ों सैनिक आसमान से इस मिशन में मदद कर रहे थे.
रेस्क्यू ऑपरेशन में क्या-क्या हुआ?
दिन-दहाड़े चलाए गए इस ऑपरेशन में रेस्क्यू अधिकारी, फाइटर जेट के गिराए जाने के दो दिन बाद अधिकारी ब्रावो तक पहुंचते हुए दिखाई दे रहे हैं. दरअसल, विमान से कूदने के बाद ब्रावो का पैराशूट खराब हो गया था, जिसकी वजह से वो जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए. ब्रावो ने ’60 मिनट्स’ को दिए अपने पहले पब्लिक स्टेटमेंट में कहा, ”एक पल जब मैंने ऊपर देखा और पैराशूट नहीं दिखा, तो वो मेरे लिए अब तक का सबसे डरावना अनुभव था.” CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पीठ टूटने और बाकी चोटों के बावजूद, पायलट बचाव का इंतजार करने के लिए 7 हजार फीट ऊंची पहाड़ी की चोटी पर चढ़ गया.
‘बचाने वालों को देखना बेहतरीन पल’
रिपोर्ट में कहा गया कि ब्रावो आखिरकार अमेरिकी फोर्स से संपर्क करने और ये बताने में कामयाब रहे कि वो घायल तो हैं लेकिन चल-फिर सकते हैं. इसके बाद CIA ने इंटेलिजेंस क्षमताओं और डिसेप्शन ऑपरेशन का इस्तेमाल करके उन्हें ढूंढ निकाला. अपने पहले इंटरव्यू में, ब्रावो ने ’60 मिनट्स’ को बताया कि उन्हें बचाने वालों को देखना उनकी ज़िंदगी के सबसे बेहतरीन पलों में से एक था.” पायलट अल्फा को जेट से बाहर निकलने के 8 घंटे बाद इसी तरह से बचाया गया, जो ब्रावो से पांच मील दूर उतरे थे.