Missile Attack On Saudi Arabia And Ukraine: यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की एक नई सीरीज का दावा किया है. इसके कारण इलाके में तनाव और बढ़ने की चिंता पैदा हो गई है. ये अटैक तब हुआ जब विद्रोहियों ने यमन के रेड सी कोस्ट पर तेजी से अपना कब्जा बढ़ाया, जिससे सऊदी समर्थित सरकारी सेनाओं के लिए एक नई चुनौती खड़ी हो गई.
इन इलाकों पर निशाना
हूती विद्रोहियों ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब के नज्रान इलाके में एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया, हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी. वहीं सऊदी अधिकारियों ने बताया कि यमन सीमा के पास अल-तव्वल गवर्नरेट में एक प्रोजेक्टाइल गिरा, जिससे 2 लोग घायल हो गए और एक मस्जिद और आस-पास की इमारतों को नुकसान पहुँचा. शरूराह में हवाई हमले के सायरन बजने की भी खबर मिली.
बाब अल-मंडेब स्ट्रेट में टेंशन
हूती विद्रोहियों की बढ़ती गतिविधियों ने बाब अल-मंडेब स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जो एक अहम इंटरनेशनल शिपिंग रूट है. विद्रोहियों की तरफ से इस स्ट्रेट के पास एक बड़े बंदरगाह और एक आइलैंड पर हाल के कब्जे ने यमन में फिर से अस्थिरता फैलने का डर भी पैदा कर दिया है.
यमन सरकार का जवाबी हमले का वादा
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने रेड सी तट पर अपनी खोई हुई जगहों को वापस पाने का इरादा किया है. राष्ट्रपति परिषद के सदस्य सुल्तान अल-अरादा ने हालिया सैन्य नुकसान को दुखद बताया, लेकिन कहा कि सरकारी सेनाएं फिर से संगठित हो रही हैं और जंग के मैदान में लौटने की तैयारी कर रही हैं.
अधिकारियों ने हूती विद्रोहियों की तेजी से बढ़ती बढ़त के लिए सरकारी सेनाओं और सहयोगी मिलिशिया के बीच खराब तालमेल को जिम्मेदार ठहराया है. तनाव बढ़ने से उस सीजफायर पर भी दबाव पड़ सकता है जो 2022 से काफी हद तक कायम है. इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन के मुताबिक, लड़ाई के बीच 2000 से ज्यादा यमन के नागरिक जिबूती में दाखिल हुए हैं.
यूक्रेन में फिर रूस का हमला
इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच रात भर जबरदस्त ड्रोन हमले हुए, जिसमें दोनों तरफ लोगों के हताहत होने की खबर है. रूस के तातारस्तान इलाके में निजनेकामस्क पर यूक्रेनी ड्रोन हमलों में 2 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए. इस इलाके में तेल रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल की बड़ी फैसिलिटीज हैं. एक लोकल इंडस्ट्रियल साइट पर आग लगने की भी खबर है.
नहीं रुक रहा अटैक
यूक्रेन ने ये भी दावा किया कि स्लाव्यांस्क-ऑन-कुबान में एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमले हुए, जिससे भीषण आग लग गई. रूस के अधिकारियों ने एक तेल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी और कहा कि 3 लोग घायल हुए हैं. वहीं रूस ने ओडेसा और पश्चिमी यूक्रेन के अन्य हिस्सों पर हमले किए. ओडेसा पर हुए हालिया हमलों में कम से कम 9 लोग घायल हो गए, जबकि एक और रशियन ड्रोन हमले में शहर की एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचने की खबर है. यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, पोलैंड के साथ याहोदिन-डोरोहुस्क बॉर्डर क्रॉसिंग के पास भी एक ड्रोन गिरा, जिससे एक पेट्रोल स्टेशन में आग लग गई.