India Pakistan Tension: भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के बाद से ही पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी एडमिनिस्ट्रेशन ने शनिवार सुबह एक आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक, अगले 48 घंटों के लिए यहां के सभी पेट्रोल और डीजल पंपों को बंद रखा जाएगा। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इस आदेश के पीछे आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं मिला है।
क्या है फ्यूल पंप को बंद रखने की वजह?
पेट्रोल पंप बंद करने का मुख्य कारण देश में फ्यूल सप्लाई को लेकर होने वाली चिंता हो सकती है। आशंका है कि सीमित स्टॉक को नियंत्रित करने के लिए और लोगों द्वारा घबराहट में खरीदारी या जमाखोरी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेशानुसार, इस्लामाबाद में प्राइवेट गाड़ियों, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और व्यवसायिक गतिविधियों के लिए फिलहाल कोई ईंधन उपलब्ध नहीं होगा।
आम जनता होगी परेशान
पाकिस्तानी सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले का सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा, क्योंकि अगले 48 घंटों तक निजी वाहनों, सार्वजनिक परिवहन और व्यवसायिक गतिविधियों को पेट्रोल नहीं मिलेगा, जिससे रोजमर्रा के कामों को करने में भी दिक्कतें आएंगी।
कारण स्पष्ट नहीं!
पाकिस्तान सरकार ने एयरस्पेस शटडाउन और पेट्रोल पंप को बंद रखने के बीच का कोई सीधा संबंध नहीं बताया है। लेकिन ऐसे समय पर इन घटनाओं और तरीकों को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को लेकर चिंता और दबाव में है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से डरा पाकिस्तान
भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान ने इसका जवाब देने के लिए भारत पर ड्रोन हमलों की गति तेज कर दी है। हालांकि, भारतीय सेना द्वारा उनकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बाद इस्लामाबाद में ईंधन संकट से डर और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर सकता है।