News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Pakistan News: इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. पूर्व प्रधानमंत्री की बहनें रोज अदालत से लेकर जेल तक चक्कर लगा रही हैं और उनके समर्थक सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं. वहीं, जनरल आसिम मुनीर के समर्थन पर खड़ी शहबाज शरीफ सरकार इमरान खान की स्थिति पर चुप्पी साधे हुए है. तीन सप्ताह से किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके चलते हालात और गंभीर हो गए हैं. इसी बीच, इमरान के बेटे सुलेमान और कासिम, जो लंदन में रहते हैं, पहली बार खुलकर सामने आए हैं और उन्होंने अपने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है.
इमरान खान के छोटे बेटे कासिम ने X पर एक भावुक पोस्ट करते हुए पूछा है कि ‘उनके पिता आखिर कहां हैं. उन्होंने शहबाज सरकार पर गंभीर सवाल उठाए और दुनिया भर की सरकारों एवं मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप की मांग की. कासिम ने यहां तक कहा कि ‘इमरान खान के सुरक्षित होने का कोई सबूत सरकार को पेश करना चाहिए, ताकि उनके पिता की हत्या से जुड़ी अफवाहों पर विराम लगाया जा सके’. दिलचस्प बात यह है कि दशकों की राजनीतिक उथल-पुथल में कभी इमरान के बेटे इस तरह सामने नहीं आए, लेकिन इस बार मुलाकात न होने और रहस्यमय चुप्पी ने उन्हें बोलने पर मजबूर कर दिया है. पीटीआई के प्रवक्ता अब्दुल समद याक़ूब का कहना है कि ‘इमरान के बेटों को पहले भी अनौपचारिक रूप से चेतावनी दी जाती रही है कि पाकिस्तान आने पर उनकी जान को खतरा हो सकता है या उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि देश में लगातार हो रही आतंकी गतिविधियों और इमरान के परिवार पर बढ़ते दबाव को देखते हुए बेटों का यहां आना सुरक्षित नहीं है. याकूब के अनुसार, यदि वे पाकिस्तान पहुंचे, तो उन्हें पकड़कर इमरान खान पर अतिरिक्त दबाव बनाने की कोशिश की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- जेल से ‘लापता’ इमरान खान की क्या थी आखिरी पोस्ट? 23 दिन पुरानी पोस्ट में असीम मुनीर का जिक्र क्यों
इमरान खान के वकील फैसल चौधरी ने भी हालात को चिंताजनक बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के साथ ऐसे व्यवहार का चलन बन चुका है, जिसे तुरंत बदलने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन के अनुसार इमरान खान ठीक हैं और उनकी उनसे बातचीत भी हुई है, लेकिन परिवार और लीगल टीम को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है. सामान्य तौर पर मंगलवार को परिवार और गुरुवार को पार्टी नेताओं को मिलने का समय मिलता है, लेकिन पिछले कई हफ्तों से किसी को इजाजत नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि अब राहत सिर्फ अदालत से मिल सकती है, हालांकि अभी तक न्यायपालिका से भी कोई ठोस आदेश नहीं आया है. पाकिस्तान में इमरान समर्थकों में गुस्सा उबल रहा है, वहीं दूसरी तरफ सेना प्रमुख आसिम मुनीर के प्रभाव में चल रही सरकार उनके प्रति व्यक्त की जा रही चिंताओं को हल्के में ले रही है. इस रवैये से इमरान के समर्थक और उनके बेटे बेहद नाराज़ हैं और अब उन्हें जेल से बाहर निकालने के मिशन में सक्रिय हो गए हैं. छोटे बेटे कासिम ने X पर लिखा कि उनके पिता को 845 दिन से बंद रखा गया है और पिछले छह हफ्तों से उन्हें एकांत “डेथ सेल” में रखा गया है. जहां न मुलाकात की अनुमति है, न किसी तरह का संपर्क. उनके अनुसार यह सब जानबूझकर किया जा रहा है, न कि सुरक्षा नियमों के तहत.
यह भी पढ़ें- इमरान खान की बहन की धमकी, कहा- मेरे भाई को कुछ हुआ तो मिट जाएगा शहबाज और असीम का वंश
न्यूज 24 पर पढ़ें दुनिया, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।