भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब हवाई मार्गों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई कड़े फैसले लिए हैं, जिनमें एयरस्पेस बंद करना भी शामिल है। अब पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा है, क्योंकि तीन अंतरराष्ट्रीय विमान कंपनियों ने भी उसके एयरस्पेस से दूरी बना ली है।
तीन एयरलाइन्स ने किया किनारा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, British Airways, Swiss International और Emirates कंपनियां भी पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से उड़ान भरना अवॉयड कर रही हैं। वहीं Air France और Lufthansa ने आधिकारिक बयान जारी कर यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत-पाक तनाव के चलते अगले आदेश तक वे पाकिस्तान के एयरस्पेस का उपयोग नहीं करेंगी। फ्लाइट ट्रैकर डेटा से यह भी देखा जा सकता है कि पाकिस्तान के आसमान में अब बहुत कम विमान उड़ रहे हैं।
पाकिस्तान को होगा नुकसान
एयरलाइंस के इस कदम से पाकिस्तान को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है, क्योंकि एयरस्पेस के इस्तेमाल पर सरकारें शुल्क वसूलती हैं। यदि विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरना ही बंद कर देंगे, तो पाकिस्तान को यह शुल्क नहीं मिलेगा, जिससे पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति में और गिरावट दर्ज हो सकती है।
पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद से भारत-पाकिस्तान के रिश्ते तनावपूर्ण हैं, यह हमला 2019 में हुए पुलवामा के बाद सबसे भयानक हमला है। भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए कुछ कदमों में भारतीय हवाई क्षेत्र को बंद करना, सिंधु जल संधि को निलंबित करना और सभी प्रकार के व्यापार को रोकना शामिल है।
सीएम अब्दुल्ला का बयान
वहीं इस बीच जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी हालिया बैठक का जिक्र करते हुए अधिकारियों से कहा कि भारत सरकार में सर्वोच्च स्तर यह सुनिश्चित करना चाहता था कि पहलगाम हमले से शासन और विकास की प्रक्रिया पटरी से न उतरे। उन्होंने कहा, “यह हमारी जिम्मेदारी है जिसका हमें ध्यान रखना होगा।”