दुबई से तेलअवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमले करने वाले ओमानी पायलट की पहचान हो गई है. वॉल स्ट्रीट जनरल के मुताबिक सऊदी ब्रॉडकास्टर ‘अल-अरबिया’ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि वह को-पायलट ओमान का रहने वाला है और उसका नाम हमम अल-हम्ममी है. इसके साथ ही उस पायलट के बारे में एक और हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है.
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ओमानी पायलट पर पहले प्लेन उड़ाने पर रोक लगाई हुई थी. यह रोक ओमानी प्रशासन ने उसकी विचारधारा को देखते हुए ही लगाई थी. लेकिन इसके बाद वह किसी तरह फ्लाईदुबई में नौकरी पाने में कामयाब हो गया. हालांकि, अभी तक यह सामने नहीं आया है कि ओमान ने अल-हम्ममी की इन चीजों के बारे में दूसरे देशों या एयरलाइंस के साथ शेयर की थी या नहीं.
वहीं, ABC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पायलट को सुरक्षा के लिए खतरा माने जाने के बाद ओमान एयर ने पहले उड़ान भरने से सस्पेंड कर दिया था.
पूछताछ में होगा खुलासा
जांचकर्ता फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में 30 सितंबर को हुई घटना की जांच कर रहे हैं. यह फ्लाइट 170 से ज्यादा यात्रियों और क्रू के साथ दुबई से तेल अवीव जा रही थी. i24NEWS की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फ्लाईदुबई के को-पायलट ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसका इरादा इजराइल में विमान को क्रैश करने का था.
क्या हुआ था फ्लाइट में?
फ्लाइट के दौरान को-पायलट हमम अल-हम्ममी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर घायल कर दिया था. इसके बाद प्लेन में इमरजेंसी की स्थिति पैदा हो गई. कैप्टन मच्छार ने जख्मी होते हुए भी कॉकपिट का गेट खोलने में कामयाब हो गए. जिसके बाद यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू कर लिया. फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, सऊदी अरब के ऊपर उड़ते समय विमान ने अचानक तेजी से मोड़ लिया और दो बार नीचे की ओर गोता लगाया. विमान 30 सेकंड में 16000 फीट नीचे आ गया था. इसके बाद प्लेन में सफर कर रहे दो पायलट ने स्थिति को संभाला. विमान की ओर से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए. फिर विमान को सऊदी अरब के तबुक ले जाया गया और वहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इजराइली अधिकारियों का कहना है कि को-पायलट विमान को क्रैश करने की कोशिश में था.
UAE ने बताया ‘टेररिस्ट एक्ट’
UAE के राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर गर्गश ने विमान में हुई घटना को ‘टेररिस्ट एक्ट’ बताया है. साथ ही उन्होंने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ को भी सलाम किया और उनकी तारीफ भी की. यह पहली बार है जब किसी वरिष्ठ UAE अधिकारी ने इस घटना को सीधे आतंकवादी कृत्य बताया है. हालांकि फ्लाईदुबई मामले की जांच यूएई कर रहा है, आरोपी हमलावर के मकसद का खुलासा रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ होगा.