लैटिन अमेरिकी देश कोलंबिया के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को भूकंप के तेज झटकों ने भारी तबाही मचाई है. 7.4 रिक्टर की तीव्रता के भूकंप में कई इमारतें ढह गई और करीब 20 लोगों की मौत हो गई. कई लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हैं. भूंकप के झटके पड़ोसी इक्वाडोर में भी महसूस किये गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और कोलंबिया से जुड़ी एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र सतह से काफी नीचे था. दोनों ने भूकंप का केंद्र सैन होज़े डेल पाल्मार में बताया, जो कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से लगभग 400 किलोमीटर पश्चिम में मौजूद एक इलाका है.
ये भी पढ़ें: भूकंप के भयानक झटकों से दहली जापान की धरती, रिक्टर स्केल पर 7.1 रही तीव्रता, सुनामी आने की चेतावनी हुई जारी
कितना नुकसान हुआ?
परेरा के मेयर के मुताबिक, भूकंप की वजह से 18 लोगों की जान चली गई. जबकि मनिज़ालेस के मेयर ने बताया कि वहां 2 लोगों की मौत हुई है. US सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने कोलंबिया के प्रशांत तट पर भूकंप आने के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. कोलंबिया की सीमा से लगे वेनेज़ुएला में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. कोलंबिया की नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट (UNGRD) ने बताया कि वो नुकसान का पता लगाने के लिए लोकल ऑफिसर्स के साथ संपर्क में हैं. चोको प्रांत की गवर्नर ने बताया कि वहां भूकंप की वजह से कई लोग घायल हुए हैं और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है. जानकारी के मुताबिक, कोलंबिया के बोगोटा, मेडेलिन और कैली जैसे कई शहरों में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए हैं.
सोशल मीडिया पर तबाही की तस्वीर
कोलंबिया में रह रहे कई लोगों ने भूकंप से जुड़ी कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिनमें भारी नुकसान के दावे किए जा रहे हैं. कई इमारतें मलबे में तब्दील हुई नज़र आ रही हैं, तो कुछ घरों के हिस्से टूट कर बिखर गए. सड़कों में दरारें पड़ गई हैं और कुछ पुलों को भी नुकसान पहुंचा है. सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग जगहों पर प्रोटोकॉल लागू किए हैं. आगे किसी और अनहोनी से बचने के लिए लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है.
ये भी पढ़ें: मैक्सिको में 7.4 तीव्रता के भूकंप से मची तबाही, मंडराया सुनामी का खतरा; खौफ में लोग