34 अपराधों के लिए ट्रंप को अधिकतम कितने साल की हो सकती है जेल? जानिए क्या कहते हैं वकील

Donald Trump Maximum Sentence: हश मनी मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप के भविष्य को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या ट्रंप अभी भी राष्ट्रपति चुनाव लड़ पाएंगे और अगर लड़ कर जीत गए तो क्या उन्हें राष्ट्रपति बनाया जाएगा? अगर वह राष्ट्रपति बने तो क्या खुद को क्षमा दान से सकेंगे? इस रिपोर्ट में जानिए इस सवाल का जवाब कि ट्रंप को अधिकतम कितने साल जेल में काटने पड़ सकते हैं।

Donald Trump

Donald Trump Conviction : अमेरिका के पूर्व राष्ट्र्पति डोनाल्ड ट्रंप ने इतिहास रच दिया है। वह अमेरिकी इतिहास में किसी अपराध में दोषी ठहराए जाने वाले पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वह जेल की सजा काटेंगे? ट्रंप के खिलाफ हश मनी ट्रायल केस में 30 मई को फैसला सामने आया था जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया। उन पर एडल्ट फिल्म स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को की गई 1.30 लाख डॉलर की पेमेंट से जुड़े रिकॉर्ड में फर्जीवाड़ा करने का आरोप था।

स्टॉर्मी डेनियल्स ने मामले के ट्रायल के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के साथ साल 2006 में एक सेक्सुअल एनकाउंटर को लेकर गवाही दी थी। वहीं, ट्रंप के फिक्सर माइकल कोहेन ने गवाही में कहा था कि उसने 2016 के चुनाव से पहले डेनियल्स को पेमेंट की व्यवस्था की थी। मामले में ज्यूरी ने ट्रंप को सभी 34 आरोपों में दोषी करार दिया है। इस रिपोर्ट में जानिए कि 34 अपराधों में दोषी ठहराए गए डोनाल्ड ट्रंप को अधिकतम कितने साल सजा काटनी पड़ सकती है। पढ़िए वकीलों का इसे लेकर क्या कहना है।

11 जुलाई को अदालत सुनाएगी ट्रंप को सजा

द लिस्ट की रिपोर्ट के अनुसार लॉस एंजिलिस के ट्रायल अटॉर्नी ट्रे लोवेल का कहना है कि ट्रंप को 11 जुलाई को सजा सुनाई जाएगी। ऐसी कई परिस्थितियां बन सकती हैं जिनका सामना ट्रंप को करना पड़ सकता है। हालांकि, इस बात की उम्मीद कम ही है कि ट्रंप लंबे समय तक सलाखों के पीछे रहेंगे। उन पर लगे हर अपराध में अधिकतम 4 साल और न्यूनतम जीरो साल की सजा का प्रावधान है। डोनाल्ड ट्रंप के हक में एक बात यह जाती है कि इससे पहले वह किसी और मामले में दोषी नहीं ठहराए गए हैं।

शर्तों के साथ प्रोबेशन पर रखा जा सकता है!

लोवेल ने कहा कि उम्मीद यही है कि ट्रंप को जेल की सजा नहीं सुनाई जाएगी या फिर बहुत कम होगी। इसकी जगह पर कुछ अन्य शर्तों के साथ उन्हें प्रोबेशन पर रखा जा सकता है। बता दें कि अमेरिका में इस साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। इस दौड़ में रिपब्लिकन की ओर से एक बार फिर ट्रंप हैं तो डेमोक्रेट की ओर से वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन अपने दूसरे कार्यकाल के लिए ताल ठोक रहे हैं। हश मनी ट्रायल में दोषी करार दिए जाने के बाद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका लगा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ