Donald Trump MAGA Victory Rally : अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण करने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने मेक अमेरिका ग्रेट अगेन (MAGA) विक्ट्री रैली को संबोधित किया। लोगों ने जोरदार जयकारे के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि मैं तीसरा विश्व विश्न युद्ध नहीं होने दूंगा। साथ ही अमेरिका को एक बार फिर से महान बनाऊंगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने कैपिटल वन एरिना में एमएजीए विजय रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं यूक्रेन में युद्ध को समाप्त कर दूंगा। मैं मिडिल ईस्ट में अराजकता को रोक दूंगा और तीसरे विश्व युद्ध को होने से रोकूंगा। आपको पता नहीं है कि हम तीसरे विश्व युद्ध के कितने करीब हैं। उन्होंने कहा कि हम एलन मस्क की अध्यक्षता में नया सरकारी विभाग बनाएंगे। एलन मस्क ने कहा कि हम बहुत सारे बदलाव करने के लिए उत्सुक हैं। यह जीत शुरुआत है। आगे बढ़ने के लिए जो मायने रखता है, वह है महत्वपूर्ण बदलाव करना और आने वाली सदियों के लिए अमेरिका को मजबूत बनाने की नींव रखना।
सक्रिय अवैध विदेशी गिरोह को बाहर निकाल देंगे : ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि इससे पहले कोई भी ओपन बॉर्डर, जेलों, मेंटल इंस्टिट्यूट, ट्रांसजेंडर के बारे में सोच नहीं सकता था। हम बहुत जल्द अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा डीपोर्टेशन एक्सरसाइज शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने संप्रभु क्षेत्र और सीमाओं पर जल्द ही कंट्रोल स्थापित करेंगे। हम अमेरिकी धरती पर सक्रिय हर अवैध विदेशी गिरोह के सदस्य और प्रवासी अपराधी को बाहर निकाल देंगे।
‘यूएस में टिकटॉक को देंगे मंजूरी’
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने मिडिल ईस्ट में स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम उठाते हुए युद्धविराम समझौता हासिल किया। यह समझौता नवंबर में हमारी ऐतिहासिक जीत के परिणामस्वरूप ही हो सकता था। पहले बंधकों को रिहा किया गया है। अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यह इजराइल-हमास युद्ध कभी नहीं होता। पदभार ग्रहण करने से पहले ही आप ऐसे परिणाम देख रहे हैं, जिनकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। हर कोई इसे ‘ट्रंप प्रभाव’ कह रहा है। आप ही इसका प्रभाव हैं। आज से TikTok वापस आ गया। हमें TikTok को बचाने की जरूरत है, क्योंकि हमें बहुत सारी नौकरियां बचानी हैं। हम अपना बिजनेस चीन को नहीं देना चाहते। मैंने TikTok को इस शर्त पर मंजूरी देने पर सहमति जताई कि अमेरिका TikTok का 50 प्रतिशत हिस्सा रखेगा।
फिर से अमेरिका को बनाएंगे महान : डोनाल्ड ट्रंप
उन्होंने आगे कहा कि यह अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा राजनीतिक आंदोलन है और 75 दिन पहले हमने अपने देश में अब तक की सबसे शानदार राजनीतिक जीत हासिल की। ट्रंप ने कहा कि हम अपने स्कूलों में देशभक्ति को बहाल करने जा रहे हैं, अपनी सेना और सरकार से कट्टरपंथी वामपंथी और जागरूक विचारधाराओं को बाहर निकालेंगे। हम अमेरिका को फिर से महान बनाने जा रहे हैं। हम अपने देश को पहले से कहीं अधिक महान बनाने जा रहे हैं।