Guatemala Earthquake: सेंट्रल अमेरिका के ग्वाटेमाला में भूकंप के जोरदार झटकों से धरती कांप गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों ने वहां के लोगों से अपने बचाव के लिए बिल्डिंग्स को खाली करने को कहा। पहले भूकंप की तीव्रता 5.2 रही। इसके बाद कई झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। बता दें कि यह भूकंप ग्वाटेमाला सिटी से लगभग 60 किलोमीटर दूर दर्ज किया गया। बाकी के झटकों की तीव्रता 3.9 से 5.6 मापी गई है।
कितना हुआ नुकसान?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भूकंप से कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन अभी तक किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए नेशनल कोऑर्डिनेटर फॉर डिजास्टर रिडक्शन (CONRED) ने लोगों को घर खाली करने के लिए कहा। कई जगह पर इमरजेंसी टीमों को भेजा गया, जिससे तुरंत किसी भी परेशानी का समाधान हो सके।
तस्वीरें और वीडियो आए सामने
भूकंप के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इन वीडियो में देखा जा सकता है कि कई इमारतें गिर गई हैं। लोग मलबा हटाने के लिए इधर उधर भागते नजर आ रहे हैं। घरों के आगे सड़कों पर मलबा दिख रहा है। कई जगह पर पूरी इमारतें ढह गई हैं। भूकंप के इन झटकों से कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी के लिए टीमें काम पर लगी हैं।