बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान के कई शहरों में एक साथ हमला करके सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है. BLA ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए दो हमलावरों की तस्वीरें जारी की हैं. दोनों हमलावर महिलाएं हैं. इनमें से एक की पहचान 24 साल की आसिफा मेंगल के रूप में हुई है. BLA का कहना है कि इन हमलों में करीब 90 सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया है तो लगभग 20 को जिंदा पकड़ लिया गया है. वहीं, पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उसने 140 बलूच विद्रोहियों को मार गिराया है.
जन्मदिन पर ज्वाइन की BLA
BLA का कहना है कि मेंगल मोहम्मद इस्माइल की बेटी थी. वह बलूचिस्तान के नुश्की की रहने वाली थी. उसका जन्म 2 अक्टूबर 2002 को हुआ था. उसने अपने 21वें जन्मदिन पर BLA की मजीद ब्रिगेड में ज्वाइन किया था. मजीद ब्रिगेड आत्मघाती विंग होती है. मेंगल ने जनवरी 2024 में ‘फिदायीन’ (सुसाइड अटैकर) बनने का फैसला किया. मेंगल ने ही शनिवार को नुश्की में ISI हेडक्वार्टर को निशाना बनाया था.
दूसरी हमलावर का वीडियो वायरल
दूसरी महिला हमलावर का नाम अभी सामने नहीं आया है. हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उसे हवा बलूच उर्फ ‘द्रोशम’ बताया जा रहा है. हवा बलूच का एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में वह बंदूक थामे हुए हंसती हुई नजर आ रही है और अपने साथियों से बात कर रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपने साथियों से कहती है, ‘पाकिस्तानी सरकार केवल हमारी दबी-कुचली मां-बहनों पर अपनी ताकत दिखाती है, वे हमारा सामना सीधे नहीं कर सकते. बलूच राष्ट्र को अब जागना होगा.’
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी पुष्टि की है कि इन हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं. यह हाल के वर्षों में बलूचिस्तान में सबसे घातक हिंसा है, जहां हमलावरों ने आम लोगों के वेश में स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों में घुसकर गोलीबारी की.
बता दें, BLA ने इस हमले को ‘हेरोफ 2’ नाम दिया है. इस हमले में करीब 800 से 1,000 लड़ाके शामिल थे. विद्रोहियों ने मस्तुंग जेल से 30 कैदियों को छुड़ा लिया, ग्वादर में 11 प्रवासी मजदूरों की हत्या की और नुश्की के डिप्टी कमिश्नर को अगवा कर लिया. विद्रोहियों ने एक साथ क्वेटा, नोश्की, मस्तुंग, दलबंदिन, कलात, खारान, पंजगुर, ग्वादर, पसनी, तुर्बत, टंप, बुलेदा, मंगोचर, लसबेला, केच और अवारन में बंदूक और बमबारी से हमला किया.