Bangladesh Hilsa Import Ban : दुनिया में सबसे ज्यादा हिलसा मछली का उत्पादन और निर्यात करने वाले देश बांग्लादेश ने भारत से हिलसा के आयात पर अचानक रोक लगा दी है. बांग्लादेश सचिवालय में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद आयात परमिट रद्द करने का फैसला लिया गया. बांग्लादेश मत्स्यजीवी फेडरेशन के अध्यक्ष रवींद्रनाथ बर्मन के अनुसार, स्थानीय बाजारों में भारत से आयातित गुजरात की हिलसा को असली ‘पद्मा की हिलसा’ बताकर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा था.
बांग्लादेशी मत्स्य विभाग ने बुधवार को एक आदेश जारी करते हुए भारतीय गुजरात हिलसा के आयात के लिए जारी किए गए कम से कम 103 अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं. यह खेप बेनापोल-पेट्रापोल सीमा मार्ग से बांग्लादेश पहुंचनी थी. चालू वित्त वर्ष में 1,739.50 टन हिलसा आयात की मंजूरी मिलने के बाद लिए गए इस अचानक फैसले ने दोनों देशों के व्यापारियों को असमंजस में डाल दिया है.
पद्मा और गुजरात की हिलसा में अंतर
पद्मा और मेघना नदियों की हिलसा अपने खास स्वाद, तेल और खुशबू के लिए पहचानी जाती है, जबकि गुजरात की हिलसा स्वाद और बनावट में काफी अलग होती है. पद्मा हिलसा को अन्य किस्मों की तुलना में अधिक वसायुक्त और मुलायम माना जाता है, जबकि इसका तेल अपनी अनूठी सुगंध और मिठास के लिए जाना जाता है. वहीं, गुजराती हिलसा कम वसायुक्त होती है और इसमें अंडों की मात्रा अधिक होने के कारण इसका स्वाद पूर्वी किस्मों की तुलना में अधिक कड़वा होता है. मुनाफाखोर कम कीमत में खरीदी गई भारतीय मछली को पद्मा की इलिश कहकर बेच रहे थे, जिससे ग्राहकों के साथ ठगी हो रही थी.
बांग्लादेश में क्यों जरूरी थी भारतीय हिलसा?
बांग्लादेश दुनिया में हिलसा का सबसे बड़ा उत्पादक है, फिर भी वहां इसका उत्पादन 2022 के 5.71 लाख टन से घटकर 2025 में करीब 5 लाख टन रह गया. स्थानीय बाजारों में कीमतें 2,600 टका प्रति किलो तक पहुंच गईं. स्थानीय कमी पूरी करने के लिए गुजरात के भरूच की सस्ती हिलसा बड़े पैमाने पर आयात की जा रही थी. पश्चिम बंगाल के पेट्रापोल बॉर्डर के रास्ते बेनापोल होते हुए पिछले दो महीनों में करीब 550 टन भारतीय हिलसा बांग्लादेश भेजी जा चुकी थी. स्थानीय पद्मा और मेघना हिलसा 2,800 रुपये प्रति किलो तक बिकती है, वहीं गुजराती हिलसा करीब 1,800 रुपये में उपलब्ध हो जाती थी.
आयातकों को भारी आर्थिक नुकसान का डर
ढाका के प्रमुख आयातकों का कहना है कि उन्होंने सीमा पार भारतीय गोदामों में हिलसा की बड़ी खेप खरीदकर सुरक्षित रखी थी. अचानक निलंबन से उन्हें माल औने-पौने दामों में वापस बेचना पड़ेगा, जिससे उन्हें भारी वित्तीय नुकसान झेलना होगा. इस साल अब तक 535 मीट्रिक टन हिलसा आयात हो चुकी थी, लेकिन अब आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है.
हावड़ा होलसेल फिश मार्केट और फिश इंपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, इस रोक के बाद अब त्योहारों के दौरान बांग्लादेश से भारत में आने वाली पद्मा की हिलसा के निर्यात पर भी संशय बन गया है. यदि बांग्लादेश से आपूर्ति नहीं होती है तो भारतीय बाजारों को पूरी तरह से म्यांमार की हिलसा पर निर्भर रहना पड़ सकता है.