आज के दौर में सोशल मीडिया पर ऐसी कई भावुक करने वाली कहानियां वायरल होती हैं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सीधे दिल को छूती हैं. एक ऐसी ही कहानी कुछ समय पहले अमेरिका से सामने आई है, जिसे देख कर लोगों की आंखों में आंसू आ गए. दरअसल, यह कहानी 78 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की है जो अपनी पत्नी के इलाज और घर के खर्चों को पूरा करने के लिए बुढ़ापे में भी मेहनत करने को मजबूर थे.

यह बुजुर्ग व्यक्ति अमेरिका के टेनेसी राज्य के मैनचेस्टर शहर में फूड डिलीवरी का काम कर रहे थे. इस उम्र में जब ज्यादातर लोग आराम की जिदंगी जीना चाहते हैं और अपना समय अच्छे से बिताना चाहते हैं, वहीं एक 78 साल का यह बुजुर्ग व्यक्ति हर दिन लोगों के घर-घर जाकर खाना पहुंचा रहे थे. उनकी मेहनत और उनकी पत्नी के लिए उनका प्यार और संघर्ष दोनों को देखकर सोशल मीडिया पर मौजूद लोगों का दिल पिघल गया.

---विज्ञापन---

बता दें कि 78 साल के रिचर्ड पुली पहले से रिटायर हैं. उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी काम करके ही बिताई और अब उम्र के इस पड़ाव में आकर वह भी आराम करना चाहते थे, लेकिन हालात ने उन्हें फिर से काम करने पर मजबूर कर दिया. दरअसल, उनकी पत्नी ब्रेंडा की नौकरी चली गई थी. नौकरी के साथ ही उनका हेल्थ इंश्योरेंस भी खत्म हो गया. इसके बाद घर का खर्च और दवाइयों का खर्च उठाना दोनों के लिए मुश्किल हो गया था.

---विज्ञापन---

वहीं, रिचर्ड ने बताया कि वह करना तो नहीं चाहते थे लेकिन उन्हें मजबूरी में फिर से काम करना पड़ा. उन्होंने कहा कि घर के सामान्य खर्चों और मेडिकल बिल भरने के बाद महीने के आखिर में उनके पास लगभग कुछ भी नहीं बचता था.

पति-पत्नी मिल कर रहे थे डिलीवरी का काम

इस उम्र में भी दोनों ने हार नहीं मानी और मिलकर अपनी समस्या का समाधान खुद ही निकाला. वे फूड डिलीवरी ऐप के जरिए ऑर्डर डिलीवरी करने लगे. ब्रेंडा कार चलाती थीं और रिचर्ड घरों तक जाकर खाना पहुंचाते थे. दोनों की शादी को 56 साल से ज्यादा हो चुका है. इस उम्र में भी दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे हुए हैं और एक-दूसरे का सहारा बने हैं. इस बीच बढ़ते मेडिकल खर्च और कम आमदनी ने उनकी जिंदगी को बेहद कठिन बना दिया था.

एक वीडियो से बदल गई किस्मत

इस कहानी में नया मोड़ तब आया जब एक महिला ब्रिटनी स्मिथ ने रिचर्ड को उनका ऑर्डर डिलीवरी करते हुए देखा. ब्रिटनी ने अपने घर के बाहर लगे कैमरे में देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति धीरे-धीरे सावधानी से उनके दरवाजे तक आ रहे हैं और उनका स्टारबक्स का ऑर्डर उनके दरवाजे पर रखकर वापस जा रहे हैं. इस उम्र में भी बुजुर्ग व्यक्ति की हिम्मत और मेहनत देख ब्रिटनी भी भावुक हो गई.

जिसके बाद ब्रिटनी ने बुजुर्ग व्यक्ति का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर शेयर कर दिया और लोगों से इस बुजुर्ग व्यक्ति के बारे में जानकारी की अपील की. कुछ ही घंटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया. हजारों लोगों ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर देखा और बुजुर्ग व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटानी शुरु कर दी.

लोगों ने की बुजुर्ग व्यक्त की खोज

जल्द ही सोशल मीडिया यूजर्स ने पता लगा लिया कि वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग व्यक्ति का नाम रिचर्ड पुली है. इसके बाद लोगों को उनके जीवन की असली कहानी के बारे में भी पता चल गया कि वह अपनी पत्नी के मेडिकल खर्च और घर के बिल भरने के लिए इस उम्र में भी काम करने के लिए मजबूर हैं. ये सब जानने के बाद सोशल मीडिया पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए और हर व्यक्ति ने उनके लिए सहानुभूति दिखाई.

फिर चला मदद के लिए अभियान

ब्रिटनी स्मिथ ने फैसला किया कि वह रिचर्ड और उनकी पत्नी की मदद करेंगी. जिसके बाद उन्होंने रिचर्ड के लिए ऑनलाइन फंड रेजिंग अभियान शुरू किया ताकि यह बुजुर्ग दंपति बिना आर्थिक परेशानी के अपनी रिटायरमेंट की जिंदगी आराम से गुजार सकें. लोगों ने इस अभियान का जबरदस्त समर्थन किया और देखते ही देखते महज कुछ ही दिनों में हजारों लोगों ने इसमें दान देना शुरू कर दिया और यह रकम बहुत ही कम समय में लाखों डॉलर तक पहुंच गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों ने मिलकर लगभग 5 लाख डॉलर (करीब 4 करोड़ रुपये) से ज्यादा की मदद इकट्ठा कर ली.

दान देखकर भावुक हुए रिचर्ड

दान इकट्ठा होने के बाद ब्रिटनी स्मिथ रिचर्ड और उनकी पत्नी से एक स्थानीय रेस्टोरेंट में मिलीं और उन्हें यह फंड रेजिंग पेज दिखाया. जब दंपति को पता चला कि अजनबी लोग उनकी मदद करने के लिए इतनी बड़ी रकम दान कर रहे हैं तो वे भी भावुक हो गए. रिचर्ड ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है इतने सारे लोग उनकी मदद करना चाहते हैं, जबकि वे उन्हें जानते तक नहीं हैं. उन्होंने कहा कि यह इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल है.