देश की राजनीति में अब इंस्टाग्राम सिर्फ तस्वीरों और मनोरंजन का प्लेटफार्म नहीं रह गया है. खासकर जेन जी के बीच इंस्टा पॉलिटिकल डिबेट का एक नया मैदान बन चुका है. इस बार मुकाबला रैलियों के मैदान में नहीं बल्कि फोन की स्क्रीन्स पर दिखाई दे रहा है. जेन जी तक पहुंचने की कोशिश में राजनीतिक दलों की सोशल मीडिया रणनीति का असर अब आंकड़ों में भी नजर आने लगा है. जहां विपक्ष के तौर पर खड़ी देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने देश की सत्तारूढ़ बीजेपी को काफी पीछे छोड़ दिया है. हालांकि नेताओं के मामले में पीएम मोदी ने भी सबको पीछे छोड़ दिया है. दरअसल Data Beings के ताजा आंकड़ों में एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. 20 जुलाई के बाद Instagram पर औसत प्रति पोस्ट इंगेजमेंट के मामले में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है. इंगेजमेंट का मतलब लोग आपके पोस्ट वीडियो या कंटेंट को पसंद कर रहे हैं, उस पर कमेंट कर रहे हैं. उसे शेयर और लाइक भी कर रहे हैं. कांग्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 20 जुलाई से पहले जहां एक पोस्ट को औसतन करीब 500 इंगेजमेंट मिल रहे थे, वहीं 20 जुलाई के बाद ये आंकड़ा बढ़कर 72000 तक पहुंच गया है. यानी कांग्रेस को हर पोस्ट पर औसतन करीब 22,000 से ज्यादा इंगेजमेंट मिलने लगा है. इसके मुकाबले बीजेपी का औसतन प्रति पोस्ट इंगेजमेंट 25,000 से बढ़कर महज 34,000 तक पहुंचा है. यानी बीजेपी के इंगेजमेंट में भी बढ़ोतरी हुई है. लेकिन कांग्रेस की छलांग बहुत ज्यादा है.