अगर आप नोएडा, ग्रेटर नोएडा या दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं और अगले 5 दिनों यानी 25 से 29 सितंबर 2026 के बीच नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे या आसपास की सड़कों पर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है.
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट (India Expo Mart) में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UP International Trade Show) का आयोजन होने जा रहा है. 25 सितंबर को उद्घाटन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ देश-विदेश से भारी संख्या में VVIPs और पर्यटक पहुंचेंगे.
भीड़ को संभालने और सुरक्षा दुरुस्त रखने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है और 5 दिनों के लिए तगड़ा ट्रैफिक डायवर्जन (Traffic Diversion Plan) लागू किया है.
भारी गाड़ियों (Goods Vehicles) की नो-एंट्री
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि 24 सितंबर से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक (No Entry) रहेगी. हालांकि दूध, फल, सब्जी, दवाइयां और इमरजेंसी मेडिकल वाहनों को छूट रहेगी.
ऐसे में ट्रक-कमर्शियल गाड़ियां चिल्ला बॉर्डर या DND से यू-टर्न लेकर NH-09/24, NH-91 या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) का इस्तेमाल कर सकती हैं.
एक्सप्रेसवे, DND और कालिंदी कुंज: कहां से मुड़ेंगी गाड़ियां?
अगर आप दिल्ली या नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रहे हैं, तो ये डायवर्जन ध्यान में रखें:
चिल्ला रेड लाइट (Chilla Border): सेक्टर-14A फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक (सेक्टर-15) की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. आप DSC मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं.
DND से जाने वाले: रजनीगंधा चौक (सेक्टर-16) की तरफ मुड़ना होगा. यहां से MP-01 और DSC मार्ग का विकल्प खुला है.
कालिंदी कुंज बॉर्डर: महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा. यहां से MP-03 और DSC मार्ग का इस्तेमाल करें.
परीचौक से नोएडा आने वाले: परीचौक से गाड़ियां सूरजपुर/ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौड़ सिटी/किसान चौक) की तरफ डायवर्ट की जाएंगी.
एक्सपो मार्ट जाने वालों के लिए पार्किंग का पूरा प्लान
अगर आप ट्रेड शो देखने जा रहे हैं, तो गाड़ी पार्क करने के लिए यह रूट फॉलो करें:
एक्सप्रेसवे से आने वाले: हिंडन कट से सर्विस रोड, संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड होते हुए नासा (NASA) बड़ा गोलचक्कर पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर सकते हैं.
बैकअप पार्किंग: नासा गोलचक्कर फुल होने पर KCC, जुबिलेंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर की पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा.
वापसी का रास्ता: एक्सपो मार्ट से निकलने के बाद गाड़ियाँ शारदा गोलचक्कर, LG गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होकर पर्थला/किसान चौक या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जा सकेंगी.
परेशानी से बचने के लिए स्मार्ट टिप्स
ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए नोएडा एक्वा लाइन मेट्रो (Knowledge Park II Station) का इस्तेमाल करें. यह सबसे झंझट-मुक्त तरीका है. अगर सड़क मार्ग से जाना मजबूरी है, तो अपने सामान्य समय से 30-40 मिनट अतिरिक्त लेकर घर से निकलें. किसी भी ट्रैफिक इमरजेंसी या रास्ते की जानकारी के लिए ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन 9971009001 पर कॉल कर सकते हैं.