हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

Delhi Railway Stations New Rule: दिल्ली-NCR के 6 बड़े रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट बंद, बिना कन्फर्म टिकट नहीं मिलेगी एंट्री, जानें नए न‍ियम

Delhi Platform Ticket Ban Update: दिवाली और छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली, आनंद विहार, गाजियाबाद समेत 6 स्टेशनों पर 14 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकट पर रोक लगा दी है. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

विज्ञापन
द‍िवाली और छठ के समय रेलवे स्‍टेशनों पर होने वाली भीड़ का न‍ियंत्र‍ित करने के ल‍िए रेलवे ने यह कदम उठाया है. (फोटो - पीटीआई)

Delhi Railway Stations Platform Ticket Banned: दिवाली और छठ पूजा के पावन अवसर पर अपने घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बेहद जरूरी और बड़ी खबर है. अगर आप अपने परिजनों या दोस्तों को ट्रेन बैठाने स्टेशन जाने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं. त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही भारी भीड़ को संभालने के लिए उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने एक कड़ा फैसला लिया है. नई दिल्ली, आनंद विहार और गाजियाबाद समेत दिल्ली-एनसीआर के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है. इस दौरान सिर्फ उन्हीं लोगों को प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति होगी, जिनके पास कन्फर्म रेल टिकट होगा. जान‍िये किन-किन स्टेशनों पर यह नियम लागू हुआ है, रेलवे ने ऐसा फैसला क्यों लिया है और किन्हें इस नियम में विशेष छूट मिलने वाली है.

दिल्ली-NCR के इन 6 स्टेशनों पर नहीं बिकेगा प्लेटफॉर्म टिकट

उत्तर रेलवे प्रशासन के आदेश के अनुसार, 14 नवंबर 2026 तक इन 6 प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं किए जाएंगे:

  • नई दिल्ली (New Delhi)
  • पुरानी दिल्ली (Old Delhi)
  • हजरत निजामुद्दीन (Hazrat Nizamuddin)
  • आनंद विहार टर्मिनल (Anand Vihar Terminal)
  • आनंद विहार हॉल्ट (Anand Vihar Halt)
  • गाजियाबाद (Ghaziabad)
  • ध्यान दें क‍ि यह प्रतिबंध न केवल स्टेशन के फिजिकल टिकट काउंटरों पर लागू होगा, बल्कि UTS मोबाइल ऐप और ATVM (ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन) से भी 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट नहीं खरीदे जा सकेंगे.

रेलवे ने क्यों लिया यह सख्त कदम?
अक्सर देखा जाता है कि त्योहारों के समय यात्रियों को स्टेशन छोड़ने आने वाले रिश्तेदार और दोस्त भी प्लेटफॉर्म टिकट लेकर अंदर तक पहुंच जाते हैं. इससे स्टेशनों के ओवरब्रिज (FOB), एस्केलेटर और प्लेटफॉर्म्स पर भारी भीड़ जमा हो जाती है. इस वजह से ओरिजिनल रेल यात्रियों को अपनी बोगी तक पहुंचने, ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. किसी भी तरह की भगदड़ या अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है.

विज्ञापन

किन्हें मिलेगी इस नियम में विशेष छूट?
रेलवे ने आम यात्रियों पर सख्ती बरतने के साथ-साथ कुछ विशेष श्रेणियों के यात्रियों की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा है. उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, इन यात्रियों को स्टेशन तक छोड़ने के लिए एक सहायक (अटेंडेंट) को प्लेटफॉर्म टिकट लेने की अनुमति होगी:

  • बुजुर्ग यात्री (Senior Citizens)
  • महिलाएं (Women Passengers)
  • दिव्यांगजन (Divyangjan / Differently-abled)
  • निरक्षर यात्री (Illiterate Passengers)

अगर आप इस फेस्टिव सीजन में दिल्ली-एनसीआर से ट्रेन सफर करने जा रहे हैं, तो केवल खुद ही स्टेशन जाएं या अपने साथ किसी एक व्यक्ति को तभी ले जाएं जब आप ऊपर बताई गई विशेष श्रेणी में आते हों. रेलवे प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्टेशनों पर बेवजह भीड़ न लगाएं और यात्रा के दौरान नए नियमों का पालन कर सहयोग करें.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vandana Bharti

वन्‍दना भारती News 24 में बतौर ड‍िप्‍टी न्‍यूज एडिटर कार्यरत हैं और मौजूदा समय में बिजनेस डेस्‍क संभाल रही हैं. वन्दना News 24 के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबरें लिखती हैं. वन्‍दना ने अपने करियर की शुरुआत दैन‍िक जागरण अखबार से की. इसके बाद देशबंधु अखबार में उन्होंने ब‍िजनेस रिपोर्टिंग में अपनी विशेषज्ञता विकसित की. साल 2010 में उन्होंने ह‍िन्‍दुस्‍तान अखबार में अपनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने ब‍िजनेस पेज के लिए 6 साल तक काम किया. वन्‍दना, आजतक डिजिटल, India.com और News18.com जैसे न्यूज प्लेटफॉर्म्स में बिजनेस डेस्क से जुड़ी रही हैं. वन्दना ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम किया है. कॉमर्स बैकग्राउंड होने के कारण उनकी बिजनेस की खबरों में अच्छी पकड़ है और इन खबरों को वह आसान भाषा में यूजर्स तक पहुंचाती हैं. कितने साल का अनुभव: 18 साल योग्यता: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम और नई द‍िल्‍ली के YMCA संस्‍थान से पत्रकार‍िता में पीजीडीएमए की डिग्री प्राप्त की है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola