Snake Found in Flight Viral Video: हाल ही में फ्लाइट में हुए कई विवाद के वीडियो सामने आ चुके हैं। कहीं यात्री ने पायलट को थप्पड़ जड़ दिया तो फ्लाइट देर होने के बाद एयरपोर्ट पर ही यात्री हंगामा करते दिखाई दिए। अब एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें फ्लाइट में ही सांप दिखाई दे रहा है।
फ्लाइट में सांप निकलने के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। हालांकि किसी तरह स्थिति को कंट्रोल किया गया और सांप को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि जिस वक्त सांप निकला, उस वक्त जहाज हवा में उड़ान भर रहा था। इसका वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सांप एक यात्री के ऊपर, जहाज में सामान रखने के केबिन के पास रेंग रहा है। सांप के निकलने के बाद यात्री डर गए थे। एक क्रू मेंबर्स ने पहले सांप को एक बोतल में भरने की कोशिश की लेकिन वह असफल रहा। इसके बाद एक थैले में सांप को भर लिया और जहाज के लैंड होने तक सांप एक आलमारी में बंद रहा।
सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक ने लिखा कि हो सकता है कि वह भी हवाई यात्रा करने का सपना पाल रखा हो। एक अन्य ने लिखा कि विमान कंपनियां आजकल घोर लारवाही बरत रही हैं। इन पर कार्रवाई होनी चाहिए। एक ने लिखा कि सांप कहीं भी घुस सकते हैं, उनसे सिर्फ सावधान रहा जा सकता है, उन्हें रोकेंगे कैसे?
बता दें कि वीडियो थाई राजधानी बैंकॉक से फुकेत जाने वाली घरेलू एयरएशिया फ्लाइट का है। फ्लाइट में सांप निकलने के बाद कई यात्री क्रोधित हो गए तो कुछ डर गए थे। बताया जा रहा है कि यह घटना 13 जनवरी को हुई थी, हालांकि इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।