'ममता बनर्जी की गिरफ्तारी होनी चाहिए', आसनसोल में अग्निमित्रा पॉल का बड़ा हमला
Author: Amar Dev Paswan
Jun 04, 2026 10:23 PM IST
आसनसोल, पश्चिम बंगाल भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं विधायक अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को आसनसोल सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री समय-समय पर ऐसे बयान देती रही हैं, जिनसे देश की छवि को नुकसान पहुंचता है और विरोधी ताकतों को भारत के खिलाफ नैरेटिव बनाने का अवसर मिलता है.
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पूर्व में भाजपा ने ममता बनर्जी के कई विवादित बयानों के खिलाफ शिकायत और एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन तत्कालीन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया. उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक, बीएसएफ और चुनाव आयोग जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर मुख्यमंत्री के बयान राष्ट्रीय हितों के विपरीत रहे हैं.
भाजपा विधायक ने हालिया घटनाक्रम का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने भारत के नेतृत्व और देश के सम्मान को लेकर “झूठा नैरेटिव” गढ़ने की कोशिश की है. उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने या संविधान से ऊपर खुद को रखने का अधिकार किसी को नहीं है. इसी आधार पर उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति अपने कार्यों के लिए जवाबदेह होता है और कानून सभी के लिए समान है. अग्निमित्रा पॉल ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस की वर्तमान राजनीतिक स्थिति उसके पिछले कार्यों का परिणाम है. साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और राज्य की राजनीति में बड़े परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है.