महाराष्ट्र के जलगांव में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक लव स्टोरी अब पुलिस केस में बदल गई है. बांग्लादेश की एक युवती कथित तौर पर शादी के लिए सरहद पार कर भारत पहुंच गई, लेकिन बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में रहना उसे भारी पड़ गया. पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसे पनाह देने वाले युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.

पूरा मामला जलगांव शहर के शनिपेठ इलाके का है. पुलिस ने 20 वर्षीय बांग्लादेशी युवती कोनिका रानी शामलचंद्र राय को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि जोशी पेठ इलाके के भोई गली में एक विदेशी महिला बिना वैध दस्तावेजों के रह रही है. सूचना के बाद शनिपेठ पुलिस ने इलाके में छापा मारा और जांच के दौरान युवती की पहचान बांग्लादेश निवासी कोनिका रानी के रूप में हुई. पूछताछ में सामने आया कि कोनिका की पहचान जलगांव निवासी चिन्मय जगन्नाथ वाला से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई. बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से संपर्क में थे और कथित तौर पर शादी करने की योजना बना रहे थे.

---विज्ञापन---

जांच में यह भी पता चला कि कोनिका कथित तौर पर शादी के इरादे से बांग्लादेश से भारत आई थी. हालांकि, उसके पास भारत में प्रवेश और यहां रहने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले. पुलिस का दावा है कि युवती गैर-कानूनी तरीके से सीमा पार कर भारत पहुंची थी.

---विज्ञापन---

इस मामले में पुलिस ने इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 के तहत केस दर्ज किया है. वहीं युवती को अपने यहां पनाह देने के आरोप में चिन्मय जगन्नाथ वाला के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. हालांकि, पूछताछ के दौरान दोनों ने खुद को शादीशुदा बताया, लेकिन अब तक पुलिस को शादी से जुड़े कोई आधिकारिक दस्तावेज या प्रमाण नहीं मिले हैं. इसी वजह से पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

---विज्ञापन---

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई, और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे. मामले की जांच असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर साजिद मंसूरी कर रहे हैं.

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---