IPS Rajeev Krishna Profile: उत्तर प्रदेश पुलिस को आखिरकार 4 साल बाद अपना स्थायी मुखिया मिल गया है. योगी सरकार ने 1991 बैच के तेजतर्रार आईपीएस (IPS) अधिकारी राजीव कृष्ण को यूपी का नया पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्त किया है. राजीव कृष्ण पिछले एक साल से कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन अब वे जून 2029 तक पूरी कमान अपने हाथों में रखेंगे. आइए जानते हैं कि अपराधियों में खौफ पैदा करने वाले और महकमे में बेहद लोकप्रिय आईपीएस राजीव कृष्ण आखिर कौन हैं?

---विज्ञापन---

इंजीनियरिंग छोड़ चुनी खाकी की राह

26 जून 1969 को जन्मे राजीव कृष्ण बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में काफी आगे थे. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग (B.Tech) की डिग्री हासिल की थी. इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उनके पास कॉर्पोरेट सेक्टर में शानदार करियर बनाने का मौका था, लेकिन उन्होंने देश और समाज की सेवा के लिए खाकी को चुना. साल 1991 में वे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुने गए और उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला.

---विज्ञापन---

यूपी एटीएस (ATS) की रखी मजबूत बुनियाद

राजीव कृष्ण के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज है. उन्हें उत्तर प्रदेश एंटी-टैरो स्क्वाड (UP ATS) का संस्थापक प्रमुख माना जाता है. जब राज्य में आतंकवाद से निपटने के लिए एक विशेष विंग की जरूरत महसूस हुई, तब राजीव कृष्ण ने ही इस स्पेशल फोर्स को खड़ा करने में मुख्य भूमिका निभाई. उन्होंने यूपी एटीएस को आधुनिक तकनीक और हाईटेक हथियारों से लैस करने की मजबूत नींव रखी थी.

---विज्ञापन---

मुश्किल दौर में संकटमोचक बनकर उभरे

राजीव कृष्ण की छवि एक शांत लेकिन बेहद सख्त फैसले लेने वाले अधिकारी की है. हाल ही में जब यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ, तब सरकार ने परीक्षा को दोबारा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ कराने का जिम्मा राजीव कृष्ण को ही सौंपा था. उन्होंने बिना किसी गड़बड़ी के इस बड़ी परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराकर अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया.

---विज्ञापन---

शानदार रहा है तीन दशकों का सफर

अपने 35 साल से ज्यादा के करियर में राजीव कृष्ण ने उत्तर प्रदेश के कई संवेदनशील और बड़े जिलों में कप्तानी की है. वे दो बार राजधानी लखनऊ के एसएसपी रहे. इसके अलावा नोएडा, आगरा, कानपुर, इलाहाबाद (प्रयागराज), बरेली और अलीगढ़ जैसे शहरों में बतौर कप्तान उन्होंने अपराध पर लगाम कसी. वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बीएसएफ (BSF) में आईजी ऑपरेशंस के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. तकनीक की गहरी समझ रखने वाले राजीव कृष्ण अब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे.

---विज्ञापन---