उत्तरकाशी के धराली गांव में बादल फटने के बाद मलबे ने तबाही मचाई है। मलबे की चपेट में आने से कई मकान और होटल जमींदोज हो गए। सोशल मीडिया पर मलबे की तबाही का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते पहाड़ियों पर से मलबा नीचे आ रहा है। जिससे राहत बचाव कार्यों में जुटी टीम को काम करने में दिक्कत आ रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो
उत्तरकाशी में आई इस आपदा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। जो लोग इसका वीडियो बना रहे थे, वे दूर होने के बावजूद लोगों से चीख-पुकार कर रहे थे और बचने की गुहार लगा रहे थे। आपदा के बाद धराली में 30 फीट तक मलबा जमा हो गया। बाजार की कई दुकानें और आस-पास के घर जमींदोज हो गए।
मौसम ठीक होने पर वायुसेना से मिलेगी मदद
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया कि धराली जाने वाला संपर्क मार्ग नेताला में बंद है। बीआरओ की टीम इसे खोलने में लगी हुई है। इसके अलावा, दो-तीन अन्य स्थानों पर भी सड़क थोड़ी बंद है। आपदा प्रबंधन ने भारतीय वायु सेना से भी संपर्क किया है, लेकिन जिस तरह से अभी मौसम खराब है, भारतीय वायु सेना से मदद संभव नहीं है।